किसान आंदोलन टूलकिट फैलाने के मामले में पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि गिरफ्तार, पांच दिन की रिमांड मिली

नयी दिल्ली : किसान आंदोलन को लेकर सोशल मीडिया पर टूलकिट फैलाने के मामले में पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि को बेंगलुरु से दिल्ली पुलिस के साइबर सेल ने गिरफ्तार कर लिया है। यह टूलकिट तब चर्चा में आया था, जब इसे विश्व प्रसिद्ध पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थंमबर्ग ने किसान आंदोलन का समर्थन करते हुए अपने ट्विटर एकाउंट पर साझा किया। उसके बाद पुलिस ने इसको लेकर प्राथमिकी दर्ज की थी।

बेंगलुरु से 21 वर्षीया पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि की गिरफ्तारी के बाद उन्हें दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में आज पेश किया गया जहां से दिल्ली पुलिस की विशेष सेल को पांच दिन की रिमांड मिल गयी। पुलिस इस दौरान उनसे इस मामले में पूछताछ करेगी।

दिल्ली पुलिस ने कहा है कि यह टूलकिट खालिस्तानी ग्रुप को फिर से खड़ा करने और भारत सरकार के खिलाफ बड़ी साजिश का हिस्सा है। दिल्ली पुलिस ने आरोप लगाया है कि दिशा रवि ने इस टूलकिट को एडिट किया था।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस साजिश में हजारों लोग शामिल हैं और ये खालिस्तानी आतंकी गुरुपतवंत सिंह पन्नू से प्रभावित हैं। पुलिस का आरोप है कि दिशा रवि ने तीन फरवरी को टूलकिट को एडिट किया था। दिशा का मोबाइल बरामद किया गया है लेकिन उसका डेटा डिलीट कर दिया गया है।

दिशा रवि ने कहा है कि उन्होंने दो लाइन एडिट किया था। उन्होंने कहा कि वे किसान आंदोलन का समर्थन करती हैं क्योंकि किसान अन्नदाता है और वे उन्हें खाना देते हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More