किसान ट्रैक्टर मार्च के दौरान लाल किला हिंसा का एक और आरोपी इकबाल सिंह गिरफ्तार

नयी दिल्ली : 26 जनवरी को किसान के ट्रैक्टर मार्च के दौरान लाल किला पर हिंसा फैलाने का एक और आरोपी इकबाल सिंह दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ गया है। इकबाल सिंह को दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने पंजाब के होशियारपुर से गिरफ्तार किया है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के डीसीपी संजीव यादव ने कहा है कि इकबाल सिंह लुधियाना का रहने वाला है। उन्होंने कहा कि वह 26 जनवरी को दिल्ली में लोगों को उकसाने में शामिल था। वह सिंघु बाॅर्डर पर नवंबर 2020 से आ रहा था जहां किसान प्रदर्शनकारी बैठे हैं।


उन्होंने कहा कि वह 26 जनवरी को भीड़ के साथ लाल किला पहुंचा था। उन्होंने कहा कि उसने दीप सिद्धू से बातचीत नहीं की थी। मालूम हो लाल किला हिंसा के मुख्य आरोपी और वहां गैर तिरंगा झंडा फहराने वाले पंजाबी फिल्मों का एक्टर दीप सिद्धू कल ही दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है।

दिल्ली पुलिस के क्राइम ब्रांच के ज्वाइंट सीपी बीके सिंह ने कहा है कि दीप सिद्धू दिल्ली पुलिस की कस्टडी में है और उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि लाल किला हिंसा मामले की जांच जारी है।

मालूम हो कि किसान आंदोलनकारियों ने 26 जनवरी को किसान गणतंत्र परेड का आयोजन किया था और इसके तहत ट्रैक्टर मार्च निकाला था। इस क्रम में भीड़ लाल किला, आइटीओ सहित कई जगहों पर हिंसक हो गयी थी।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More