अखिलेश ने शिवपाल से की मुलाकात, चाचा-भतीजा गठबंधन कर लड़ेंगे उत्तरप्रदेश चुनाव

लखनऊ : उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी एवं उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी मिल कर अगले साल होने जा रहे उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। चुनाव में गठबंधन की संभावनाओं के मद्देनजर आज दोनों की बैठक हुई।

अखिलेश यादव ने शिवपाल से मुलाकात के बाद कहा कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात हुई और गठबंधन पर बात तय हुई। अखिलेश यादव ने कहा, क्षेत्रीय दलों को साथ लेने की नीति सपा को निरंतर मजबूत कर रही है और सपा और अन्य सहयोगियों को ऐतिहासिक जीत की ओर ले जा रही है।

मालूम हो कि पिछले उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में चाचा-भतीजे में मतभेद उभर आया था, जिसके बाद दोनों की राह अलग हो गयी थी। शिवपाल सिंह यादव लगातार एक बड़ी पार्टी और धर्मनिरपेक्ष पार्टी से गठबंधन करने की बात कह रहे थे और उनके अखिलेश से मुलाकात के बाद इस पर मुहर लग गयी।

शिवपाल ने मुलाकात के बाद ट्वीट कर कहा, आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उनके साथ आगामी विधान सभा चुनाव 2022 में साथ मिलकर चुनाव लड़ने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

वहीं, पिछले दिनों अखिलेश यादव वे आम आदमी पार्टी के नेता व उत्तरप्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने भी मुलाकात की थी और गठबंधन करने का ऐलान किया गया था। यानी अखिलेश यादव की अगुवाई में समाजवादी पार्टी भारतीय जनता पार्टी से मुकाबला करने के लिए एक अंब्रेला गठबंधन करने की कोशिश में लगी हुई है।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More