दुमका के के कठलडीहा और मुड़जोड़ा गांव के कई टोलों में चापाकल कई महीनों से खराब, पीने के पानी की दिक्कत

दुमका : दुमका प्रखंड के रानीबहाल पंचायत के अंतर्गत कठलडीहा और मुड़जोड़ा गांव के कई टोलों में पीने का पानी का समस्या है। कठलडीहा गांव में बाजपाड़ा टोला, ऊपर टोला और नीमपाड़ा टोला नाम के कुल तीन टोला हैं, जिनमें बाजपाड़ा टोला, ऊपर टोला में पेयजल की समस्या है। बाजपाड़ा टोला में करीब 15 घर हैं और एक मात्र चापाकल है, जो एक वर्ष से ख़राब है। इस टोला के सुमित्रा रॉय, सधुवती राय,अमावती रॉय, गाँधी रॉय, संचरिया रॉय, सुगिया रॉय, शकुंतला रॉय, सिदो देहरी का कहना है कि पीने के पानी का बहुत दिक्कत है। एक मात्र चापाकल एक वर्ष से ख़राब है, लेकिन इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। जन प्रतिनिधियों को भी शिकायत करते करते थक गये, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिल रहा है। हम सभी ग्रामीण दूसरे टोला और गांव से पीने का पानी लाने के लिए विवश हैं।

कठलडीहा गांव के ही ऊपर टोला में भी पीने का पानी की समस्या है। इस टोला में करीब 200 जनसंख्या है, इस गांव में चार चापानल हैं, जिसमें से तीन ख़राब हैं और टोला से दूर एक सोलर टंकी है, जिसका चापाकल ख़राब है, लेकिन सोलर टंकी ठीक है। सिर्फ इसका नल टूटा हुआ है। इस टोला के मिलन रॉय के घर के सामने का चापाकल करीब एक वर्ष से ख़राब है। मैनेजर रॉय के घर के सामने का चापाकल करीब छह महीने से ख़राब है और रवि रॉय के घर के सामने का चापाकल एक महीने से ख़राब है। आंगनबाड़ी का चापाकल भी कई महीनों से ख़राब है। इस टोला के मिलन रॉय, दुर्गा देवी, चाँदमुनि देवी, सूर्या देवी, सुलोचना देवी आदि का कहना है कि सभी चापाकल ख़राब होने के कारण हम ग्रामीणों को पीने का पानी का बहुत दिक्कत हो रही है। ठंड में धूप ठीक नहीं रहने के कारण सोलर टंकी भी ठीक से काम नहीं कर रही है। विवश होकर हम ग्रामीणों को कुआं के पानी का उपयोग करना पड़ता है। कुआं में विभाग द्वारा पावडर, दवा नहीं दिया जाने के कारण बीमारी का डर बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि जन प्रतिनिधियों से शिकायत करने के बाद भी चापाकल मरम्मत नहीं कराया जा रहा है।

मुड़जोड़ा गांव में कुल सात टोला हैं। इस गांव के हाटपाड़ा, पहाड़गोड़ा, बोड़दोहा आदि टोला में कई चापाकल कई महीनों से ख़राब हैं। हाटपाड़ा में करीब 26 घर हैं और एक चापाकल है, जो एक महीने से ख़राब है। इस टोला के दिलीप सोरेन, राजेश हेम्ब्रोम, संजली सोरेन, पानसोल मरांडी आदि का कहना है कि पीने का पानी के लिए बहुत दिक्कत हो रही है। इसलिए चापाकल जल्द मरम्मत करवाया जाए और एक नया चापाकल दिया जाए। पहाड़गोड़ा टोला में करीब 22 घर हैं। सुकुमार रॉय के घर के सामने का चापाकल करीब एक वर्ष से ख़राब है और मणिलाल रॉय के घर के सामने का चापाकल सिर्फ चार-पांच बाल्टी पानी देता और बंद हो जाता है और दो-तीन घंटा के अंतराल में फिर पानी देता है। अंजना देवी, मोनिलाल रॉय, सुकुमार राय, साधु रॉय आदि ग्रामीणों का कहना है कि जब मिस्त्री द्वारा चापाकल की मरम्मत की गयी थी तो सड़ा पाईप को निकाल दिया गया लेकिन उसके बदले दूसरा पाईप नहीं लगाया गया जिस कारण इस चापाकल में यह समस्या आ रही है। मुड़जोड़ा गांव के अन्य टोला की भी कमोबेश यही स्थिति है। कठलडीहा और मुड़जोड़ा गांव के ग्रामीणों का प्रशासन और सरकार से मांग है कि जल्द से जल्द चापाकल मरम्मत करवाया जाय और टोला दूर-दूर स्थित होने के कारण सभी टोला में सोलर टंकी दिया जाए।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More