माओवादियों का आज भारत बंद, झारखंड के चाईबासा में नक्सलियों ने रेल ट्रैक उड़ाया

रांची : भाकपा माओवादी के सर्वोच्च नेता प्रशांत बोस उर्फ किशन दा और उनकी पत्नी व पोलित ब्यूरो सदस्य शीला मरांडी की गिरफ्तारी के खिलाफ शनिवार, 20 नवंबर को माओवादियों का भारत बंद है। इस दौरान शनिवार को नक्सली संगठनों से सिंहभूम इलाके के चाईबासा में लोटा और सोनुआ के बीच एक रेल ट्रैक को उड़ा दिया। यह इलाका चाईबासा के सोनुआ पुलिस थाना क्षेत्र में पड़ता है।

चाईबासा पुलिस ने इस संबंध में कहा है कि रेल लाइन का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया है। रेल लाइन को क्षतिग्रस्त किए जाने से कई ट्रेनों का रूट बदला गया जबकि कुछ को रद्द भी किया गया है। मालूम हो कि प्रशांत बोस की गिरफ्तारी के खिलाफ 15 नवंबर से ही नक्सल प्रतिरोध सप्ताह मना रहे हैं और आज बंद के आह्वान के साथ उसकी आखिरी तारीख है।

बीती रात 12.50 बजे धनबाद रेल मंडल के टोरी-लातेहार रेलखंड पर रिचुघुटा डेम स्टेशन के निकट भी अप और डाउन लाइन को माओवादियों ने बम ब्लास्ट कर क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस कारण भी कई ट्रेनों का रूट बदलना पड़ा, जबकि कुछ को रद्द करना पड़ा।

शुक्रवार की देर रात भाकपा माओवादियों ने भारत बंद के दौरान देर रात चक्रधरपुर रेल मंडल के लोटापहाड़ स्टेशन के पास रात दो बजे डाउन लाइन पोल संख्या 323 के पास डाउन लाइन में दो आइइडी विस्फोट कर पटरी को उड़ा दिया।

राज्य में कुछ जगहों पर माओवादियों ने पोस्टर भी चिपकाया है और प्रशांत बोस की गिरफ्तारी का विरोध जताया है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More