जयश्री व राजश्री ने रामगढ़ में खोला दुर्गा सोरेन सेना का पहला कार्यालय

रामगढ़ : झामुमो महासचिव व विधायक एवं पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता सोरेन की बेटियों जयश्री सोरेन व राजश्री सोरेन ने मंगलवार को रामगढ जिले में अपने संगठन दुर्गा सोरेन सेना का पहला कार्यालय खोला। दोनों बहनों ने संयुक्त रूप से फीता काट कर कार्यालय का उदघाटन किया। इस दौरान अच्छी संख्या में उनके समर्थक मौजूद थे।


मालूम हो कि विजयादशमी के दिन सामाजिक कार्य व लोगों की भलाई के लिए काम करने के संकल्प के साथ दोनों बहनों ने अपने दिवंगत पिता दुर्गा सोरेन के नाम पर दुर्गा सोरेन सेना के गठन का ऐलान किया था। इस संगठन का केंद्रीय अध्यक्ष जयश्री सोरेन एवं कार्यकारी अध्यक्ष राजश्री सोरेन बनी है।

दोनों बहनों ने इस संगठन के माध्यम से औपचारिक रूप से सार्वजनिक जीवन में प्रवेश कर लिया और आज उनके जीवन का पहला सार्वजनिक दौरा का दिन था। दोनों बहनों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में अपने संगठन से जुड़ने की अपील की है। मां सीता सोरेन ने अपनी पुत्रियों को इस कार्य में आगे बढने का आशीर्वाद दिया है तो छोटी बहन ने ट्विटर के माध्यम से उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

जयश्री व राजश्री सोरेन ने रामगढ जिले के अपने पैतृक गांव नेमरा के लुकया टांड़ शहीद स्थल सोना सोबरम सोरेन पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। दोनों बहनें उच्च शिक्षित हैं और उन्होंने प्रोफेशनल कैरियर चुनने के बजाय सार्वज्निक जीवन की राह चुनी है। विभिन्न दलों के कार्यकर्ता भविष्य की संभावनाओं के मद्देनजर उनके संगठन से जुड़ रहे हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More