झारखंड के गुमला में दो नाबालिग लड़कियों से गैंगरेप, 10 आरोपी में एक ने दी फांसी लगा कर जान

गुमला : झारखंड के गुमला जिले के बिशनपुर प्रखंड क्षेत्र में दुर्गा पूजा मेले के दौरान दो नाबालिग लड़कियों से गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। इन घटना को अंजाम देने में 10 लोग शामिल थे, जिनमें एक गिरफ्तार कर लिया गया है और एक ने फांसी लगा कर अपनी जान दे दी है।
बिशनपुर प्रखंड के गुरदरी थाना क्षेत्र की रहने वाली दोनों नाबालिग आदिवासी लड़कियां रिश्ते में चचेरी बहनें हैं। यह घटना शुक्रवार दशहरे के दिन की है और इसे उपर लोदा व चापाकोना के निकट अंजाम दिया गया है।
इस कांड के बाद जब पुलिस ने छानबीन शुरू की तो कार्रवाई के डर से मामले के एक आरोपी अजीत उरांव ने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। वह थाना क्षेत्र के नीचे लेदा गांव के निवासी ढेबला उरांव का बेटा था। इस मामले में एक आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि आठ अन्य जान बचाने के लिए जंगल में छिपे हैं। थाना प्रभारी अनंत कुमार ने कहा है कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
उधर, इस दुष्कर्म कांड से ग्रामीण गुस्से में हैं। वे रविवार को दिन भर जंगल में आरोपियों की तलाश करते रहे।
जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें शुक्रवार को दशहरा मेला घूम कर भाई के साथ अपने गांव लौट रही थीं। इस दौरान आरोपियों ने उनके भाई को मार-पीट कर भगा दिया और दोनों बहनों को जंगल के अंदर ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद उनके भाई ने गांव जाकर परिजनों व अन्य लोगों को जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीण जंगल की तरफ उन्हें खोजते हुए गए। ग्रामीणों को आता देख कर पीड़िता को छोड़ कर सारे आरोपी भाग निकले। दोनों पीड़िताओं की सदर अस्पताल में मेडिकल जांच करायी गयी है।


