राबड़ी देवी तेज प्रताप से मिलने पहुंचीं, लेकिन नहीं हुई मुलाकात

पटना : राजद में खटपट तेज हो गयी है। लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव पार्टी के फैसलों से खुद को दरकिनार किए जाने और स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल नहीं किए जाने से नाराज चल रहे हैं। तेज प्रताप यादव से मिलने आज उनकी मां राबड़ी देवी उनके आवास पहुंची लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। राबड़ी देवी दिल्ली से पटना आयी हैं। हालांकि मीडिया से उन्होंने कहा है कि उनके घर में कोई विवाद नहीं है।
उधर, तेज प्रताप यादव अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के लिए आज जेपी जयंती के मौके पर जेपी गोलंबर पहुंचे और जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वे वहां से गांधी मैदान गए।

तेज प्रताप यादव भले आज अपनी मां से नहीं मिले हों लेकिन उन्होंने जयप्रकाश नारायण के आदर्शाें व सिद्धांतों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया। तेज प्रताप यादव ने इससे पहले बिहार की दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव के स्टार प्रचारकों की सूची में अपना व अपनी मां व बहन मीसा भारती का नाम नहीं होने पर नाराजगी जतायी थी। वे यह भी कह चुकी हैं कि पार्टी की बैठकों की उन्हें जानकारी नहीं मिलती है। तेज प्रताप के अनुसार, कुछ लोग कृष्ण और अर्जुन की जोड़ी को अलग करना चाहते हैं।

तेज प्रताप यादव पार्टी के अंदर अलग-थलग पड़ गए हैं। ऐसे में अब सबकी निगाह राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर टिकी है। लालू प्रसाद यादव अब अब परिवार के अंदर बिखराव को समेट पाते हैं या नहीं यह देखना दिलचस्प होगा।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More