हाथरस गैंगरेप कांड को लेकर PM मोदी ने सीएम योगी को किया फोन, SIT करेगी जांच, फास्ट ट्रैक पर सुनवाई

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाथरस गैंगरेप मामले में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फोन कर घटना की जानकारी ली और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया.

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री मोदी ने हाथरस मामले पर उ्रन्हें फोन किया और दोषियों के लिए कठोर कार्रवाई को कहा. मालूम हो कि हाथरस गैंगरेप पीड़िता की 29 सितंबर को सुबह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गयी थी. उसके बाद भीम आर्मी के चंद्रशेखर आजाद व अन्य ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया.

बहुत मशक्कत के बाद पुलिस ने देर रात पीड़िता के शव को लेकर उसके गांव पहुंची लेकिन परिजन को शव सौंपे बिना भारी सुरक्षा व्यवस्था की बीच दाह संस्कार कर दिया. पीड़िता की मां रोती-गिड़गिड़ाती रहीं कि वे हिंदू रीति से हल्दी लगाकर अपनी बेटी को अंतिम विदाई देना चाहती हैं, लेकिन पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी. इतना ही नहीं परिजनों को मृतका का अंतिम दर्शन भी नहीं कराया गया.

जिस जगह लड़की का दाह संस्कार किया गया वहां भारी संख्या में पुलिस को तैनात कर दिया गया था और पत्रकारों व परिजनों को भी मौके पर नहीं जाने दिया गया. ऐसा लोगों के गुस्सा भड़कने के भय से किया गया.

हाथरस की दलित लड़की के साथ 14 सितंबर को उच्च जाति के चार लड़कों ने बलात्कार किया था और उसकी जीभ काट दी थी व रीढ तोड़ दी थी. इस घटना की व्यापक आलोचना देश भर में की जा रही है. लोगों में घटना को लेकर काफी गुस्सा है.

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि एसआइटी हाथरस मामले की जांच करेगी और सात दिन के अंदर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी. उन्होंने कहा कि है इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More