सुशांत सिंह राजपूत मौत मामला : केंद्र ने सीबीआइ जांच की अनुशंसा को दी स्वीकृति, सुप्रीम कोर्ट ने मांगा जवाब

नयी दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती द्वारा दायर याचिका पर इस मामले से संबंधित सभी पक्षों से तीन दिनों के अंदर जवाब मांगा है. अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने याचिका दायर कर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले की जांच को पटना से मुंबई ट्रांसफर की मांग की थी. अब अदालत में इस मामले की सुनवाई एक सप्ताह के बाद होगी.


वहीं, इस मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट को साॅलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बताया कि केद्र सरकार ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में सीबीआइ जांच करने के बिहार सरकार के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है.

रिया की ओर से अदालत में पेश हुए वकील श्याम दीवान ने कहा कि मेहता की ओर से जो कहा गया है, यहां वह मामला नहीं है. ऐसे में रिया की याचिका पर अदालत को गौर करना चाहिए. उन्होंने सभी मामलों पर रोक लगाने की मांग की. दीवान ने कहा कि दर्ज एफआइआर अधिकार क्षेत्र के अनुसार नहीं है. अदालत ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में सच आना चाहिए.

मालूम हो कि 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई स्थित अपने घर में आत्महत्या कर ली थी. इसके लिए बाॅलीवुड के पक्षपात व उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती पर आरोप लगाया जा रहा है. सुशांत के पिता केके सिंह ने इस मामले में पटना में रिया चक्रवर्ती सहित छह पर एफआइआर दर्ज करायी है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More