पिठोरिया के बालू गांव में डाक विभाग के द्वारा पौधरोपण कार्यक्रम किया गया

पिठोरिया (कांके) : डाक विभाग, भारत सरकार, रांची प्रमंडल के द्वारा कोकदोरो पंचायत के बालू गांव स्थित देवी मंडप परिसर में प्रथम सत्र में पौधरोपण कार्यक्रम चलाया गया। पौधरोपण कार्यक्रम में सैकड़ों पौधे सागवान, बड़, पीपल, आंवला, नीम, बेल, अशोक एवं सखुआ आदि लगाए गए। मौके पर मुख्य अतिथि वरिष्ठ डाक अधीक्षक साधन कुमार सिंह और विशिष्ट अतिथि डाक निरीक्षक चंदन कुमार उपस्थित थे।

पौधरोपण में स्थानीय महिला-पुरुष भी शामिल थे। दूसरे सत्र में डाक विभाग द्वारा संचालित जनोपयोगी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गयी। ग्रामीणों के सवालों का भी जवाब पदाधिकारियों के द्वारा दिया गया। विशेष रूप से सुकन्या समृद्धि योजना, बीमा योजना व इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के प्रति ग्रामीण उत्साहित थे।

ग्रामीणों को यह भी जानकारी दी गयी कि डाक विभाग में ग्राहकों की राशि शत प्रतिशत सुरक्षित है। मौके पर अनिल सिन्हा, उपमुखिया शकुंतला देवी, डाककर्मी अनु देवी, नवल किशोर तिवारी, अरुण तिवारी, शंभूनाथ सिंह, रणधीर सिंह, राजेन्द्र गोप, कौशल्या देवी, विमलेश मुंडा सहित अन्य उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में धरती को हरा-भरा रखने का और ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण करने का संकल्प लिया गया।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More