Sahibganj News: मखलपुर-बाबूपुर सड़क पर बाढ़ का पानी, नाव बनी एकमात्र सहारा

साहिबगंज: गंगा के बढ़ते जलस्तर ने साहिबगंज-बिहार सीमा पर जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई जगह सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। साहिबगंज की सीमा पर बसे मखलपुर और बिहार के बाबूपुर के बीच करीब आधा किलोमीटर तक मुख्य सड़क पर बाढ़ का पानी चढ़ गया है, जिससे रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। पिछले कई दिनों से यह समस्या बनी हुई है।
पानी इतना ज्यादा है कि पैदल या बाइक से पार करना नामुमकिन है। मजबूरी में कामकाजी लोगों को, स्कूल जाने वाले बच्चों को और मरीजों को नाव से आना-जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मजबूरी को भी कुछ लोगों ने कमाई का जरिया बना लिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, नाव से पार उतरने के लिए मोटरसाइकिल का 50 रुपये और प्रति व्यक्ति 20 रुपये वसूला जा रहा है। रोज कमाने-खाने वाले मजदूरों और छात्रों के लिए यह अतिरिक्त बोझ बन गया है। लोग कई घंटे इंतजार करने के बाद ज्यादा पैसा देकर नदी जैसा बने इस सड़क के टुकड़े को पार कर रहे हैं। इधर बाखरपुर से साहिबगंज को जोड़ने वाली सड़क का भी यही हाल है। वहां भी बाढ़ का पानी सड़कों पर भर गया है और लोग नाव के सहारे ही गंतव्य तक पहुंच पा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई नई समस्या नहीं है। हर बाढ़ में यही स्थिति बनती है। सड़क ऊंची नहीं होने और स्थायी पुल-पुलिया नहीं बनने के पीछे ग्रामीण राजनीति को कारण बता रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि जानबूझकर सड़क का निर्माण नहीं कराया जा रहा है ताकि हर साल बाढ़ के नाम पर नाव चलाकर अवैध वसूली का अड्डा चलता रहे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द ऊंची सड़क निर्माण और फिलहाल सरकारी नाव की व्यवस्था कर मुफ्त आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।


