श्रमिकों को लाने का झूठा क्रेडिट ले रही है झारखंड की हेमंत सरकार : दीपक प्रकाश

रांची : भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि स्पेशल ट्रेन के द्वारा तेलंगाना से वापस लौट रहे मजदूरों के मामले में झारखंड सरकार की कोई भूमिका नहीं है। दीपक प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री सहित झामुमो नेता बिना कारण के इस कार्य का श्रेय खुद ले रहे हैं। दीपक प्रकाश ने कहा की मुख्यमंत्री को अपने श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता का बयान देखना चाहिए जिसमें उन्होंने स्पष्ट कहा है कि तेलंगाना से श्रमिकों के लौटने की जानकारी राज्य सरकार को व्हाट्सएप और फेसबुक के जरिए मिली है। सत्यानंद भोक्ता ने यह भी कहा है कि इसमें झारखंड सरकार की कोई भूमिका नहीं है और इसके लिए पूरे तरीके से केंद्र सरकार और तेलंगाना सरकार को श्रेय जाता है।

दीपक प्रकाश ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री और सरकार दूसरों के कार्य का श्रेय खुद लेने के बजाय स्वंय पहल करते तो अब तक बड़ी संख्या में छात्र और मजदूर लौटने भी लगते। दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार को बताना चाहिए कि उनके द्वारा की गयी पहल से अब तक कितने छात्र और मजदूर झारखंड लौटे हैं। प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार को अविलंब बाहर फंसे मजदूरों और छात्रों को वापस लाने के लिए बसों को भेजना चाहिए, लेकिन यहां तो सरकार खुद कुछ नहीं कर रही बल्कि दूसरों की पहल को भी अपना कार्य बता कर झूठी वाहवाही लूटने में लगी है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More