कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोरोना संक्रमण पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए की प्रेस कान्फ्रेंस, जानिए क्या बोले

नयी दिल्ली : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज कोरोना वायरस पर एक अहम प्रेस कान्फ्रेंस वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से की. इस प्रेस कान्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से लड़ाई अभी शुरू हुई है. आज ही जीत मान लेना गलत होगा. इस लड़ाई को रणनीतिक ढंग से लड़ना होगा. उन्होंने कहा कि लोगों को अनाज मिलना चाहिए. 10 किलो चावल या गेहूं, एक किलो दाल व एक किलो चीनी कम से कम हर व्यक्ति को हर सप्ताह देना चाहिए. हमारे गोदाम में ओवर स्टोरेज है और फसल कटाई के बाद भंडार और भर जाएगा.
LIVE: Special Congress Party Briefing by Shri @RahulGandhi via video conferencing.#RahulSpeaksForIndia https://t.co/B7FzeIuiXK
— Congress (@INCIndia) April 16, 2020
राहुल गांधी ने कहा कि चार कोरोना से जुड़े चार अहम सवाल हैं कि टेस्टिंग बढाई जाए, इसका हमारी अर्थव्यवस्था पर क्या फाइनेंशियल असर होगा, इससे फुड संकट किस तरह का आने वाले दिनों में उत्पन्न होगा और फिर छोटे एवं मध्यम उद्यमों पर इसका क्या असर पड़ेगा, इसका आकलन होना चाहिए.
राहुल गांधी ने पत्रकारों के उस सवाल को टाल दिया कि कोरोना से लड़ने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चूक कहा हुई, उन्होंने कहा कि जिस दिन भारत कोरोना को हरा देगा उस दिन वे इस पर बोलेंगे अभी तू-तू, मैं-मैं में नहीं पड़ेंगे. राहुल गांधी ने कहा नरेंद्र मोदी से कई चीजों में असहमत रहता हूं, लेकिन आज लड़ने का समय नहीं है. आज देश को एक कर वायरस से लड़ने का समय है. राहुल गांधी ने प्रवासी श्रमिकों को घर तक पहुंचाने के सवाल पर कहा कि इस पर सरकार को एक्सपर्ट से बात कर निर्णय लेना चाहिए, मैं एक्सपर्ट नहीं हूं. हालांकि उन्होंने कहा कि इस पर उन्होंने विशेषज्ञों से बात की है और इस पर तीन-चार अलग-अलग राय है.


