स्वास्थ्य मुद्दों पर गठबंधन को घेरा भाजपा ने, कहा: सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं की बजा दी बैंड

रांची: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने गठबंधन सरकार की जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार ने अपने 80 दिन के कार्यकाल में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं की बैंड बजा दी है।

प्रतुल ने कहा की एक ही दिन में कोल्हान और संथाल परगना की दो-दो घटनाओं ने सिस्टम पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया। एक ओर कोल्हान में गुदरी प्रखंड के किचिन्दा गांव में ममता वाहन नहीं उपलब्ध होने के कारण एक आदिवासी महिला मोयलन बरजू की प्रसव पीड़ा के कारण मौत हो जाती है। बार-बार खबर करने के बाद भी ममता वाहन नहीं पहुंची। इस से दर्दनाक कोई दूसरा वाकया नही हो सकता। वहीं दूसरी ओर संथाल परगना के दुमका जिले के हाथगार गांव में मोहन मुर्मू नाम के आदिवासी युवक मरीज को मीलों खाट पर लादकर अस्पताल पहुंचाया जाता है ।

प्रतुल ने कहा कि गठबंधन सरकार ने पूरी व्यवस्था को पंगु बना दिया है। कहा कि इसके पूर्व भी गुमला में शव वाहन नही मिलने के कारण पॉलिथीन में बच्चे की लाश को बांधकर ले जाने की खबर आई थी। कोरोना वायरस के संक्रमण से निपटने का तैयार होने का दावा कर रही हेमन्त सरकार ने मूलभूत स्वास्थ्य सेवा को ही बैठा दिया है।

उन्होंने कहा कि सरकार को अविलंब स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करना चाहिए। कोरोना वायरस से लड़ने की पूरी कार्य योजना सिर्फ फाइलों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि इसकी ज़मीनी तैयारी की भी रियलिटी चेक होनी चाहिए।भाजपा की सरकार के समय स्वास्थ्य सेवा पर विशेष ध्यान दिया गया था। गठबंधन सरकार उस सिस्टम को चालू रखने में विफल रही है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More