कोरोना वायरस: हेमंत सरकार का बड़ा निर्णय, 14 अप्रैल तक बंद रहेंगे सभी स्कूल-कॉलेज

रांची: हेमंत सरकार ने कोरोना वायरस के मद्देनजर राज्य भर में स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया है।निर्णयानुसार राज्यभर के सभी शैक्षणिक संस्थान 17 मार्च से 14 अप्रैल तक बंद रहेंगे। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री ने सदन में चल रही कार्यवाही के दौरान की।

स्कूलों के अलावा राज्यभर के सिनेमा हॉल, क्लब, म्यूजियम और पार्क बंद रहेंगे। वहीं, संस्थानों के बंद रहने के दौरान इनके कर्मियों के वेतन की सुनिश्चितता श्रम विभाग की तरफ से किया जाएगा।

इसके अलावे सरकार ने सभी जिलों के डीसी को निर्देशित कर दिया है कि वे संदिग्धों की जाँच करायें। जांच के दौरान किसी भी व्यक्ति या मरीजों के द्वारा कोई भी अड़चन आने अथवा सहयोग न किये जाने पर उनपर क़ानूनी कार्रवाई करने का प्रावधान किया गया है। कार्रवाई के तहत व्यक्ति को जेल भी भेजा जा सकता है। जेल जानेवाले व्यक्ति को 14 दिनों तक आम कैदियों से अलग रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के लोगों से भीड़-भाड़ वाली जगहों पर कुछ दिनों के लिए जाने से बचने की अपील की। इधर, राज्यभर में 488 संदिग्धों पर सरकार लगातार नजर बनाई हुई है। इनमें से 175 लोगों की जांच हो चुकी है, इन्हें कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं पाया गया।

सरकार ने सभी मेडिकल कॉलेज और झारखंड के पाँचों प्रमंडल में कोरोना वायरस की जांच के लिए लैब स्थापित करने की घोषणा की। इसके अलावे सभी निजी अस्पतालों को आइसोलेशन वार्ड को स्थापित करने का भी निर्देश सरकार ने दिया। वहीं, कोरोना से निपटने के लिए तीन सौ पारा मेडिकल और डॉक्टरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

 

 

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More