रिम्स प्रबंधन की खुली पोल, कोरोना जांच के लिए मशीन ही नहीं उपलब्ध

रांची: राज्य में जहाँ एक ओर कोरोना वायरस से सुरक्षा के लिए तरह-तरह के दावे किये जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राजधानी में इस महामारी को लेकर सुरक्षा-व्यवस्था की पोल खुलती नज़र आ रही है। रांची के रिम्स में अब तक कोरोना वायरस की जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी है। रिम्स के बायोलॉजी विभाग में स्थापित वायरोलॉजी रिसर्च एंड डाइग्नोस्टिक सेंटर में कुछ सामान्य वायरस की जांच की ही सुविधा है।
मशीन न होने के कारण रांची में कोरोना वायरस की जाँच संभव नहीं है। जबकि मशीन अगर लैब में होती, तो जांच रिपोर्ट आठ से बारह घंटे में उपलब्ध हो जाती। विभाग से पता चला कि मशीन खरीद की प्रक्रिया करीब डेढ़ साल से चल रही है। मगर कंपनियों के रूचि न दिखाने पर दो बार निकली गयी निविदाओं को रद्द करना पड़ा। अभी झारखंड में कोरोना वायरस की जाँच की सुविधा सिर्फ जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में ही उपलब्ध है।
हालाँकि रिम्स प्रबंधन ने उम्मीद जताई है कि कोरोना की जांच सोमवार से शुरू हो जायेगी। इसके लिए रीयल टाइम पीसीआर मशीन का आर्डर बॉयो रॉड कंपनी को दिया गया है। कंपनी को मशीन एक से दो दिनों में मुहैया कराने को कहा गया है।
इधर, रिम्स में कोरोना से संक्रमित मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड तैयार हो चुका है। साथ ही वायरस से बचाव के लिए दो सौ एन-95 मास्क मंगाया गया है। सेनिटाइजर को भी पर्याप्त मात्रा में स्टॉक कर लिया गया है।


