हेमंत ने भाजपा पर जमकर साधा निशाना, कहा: भाजपा ने गिराया राजनीति का स्तर

रांची: मध्य प्रदेश की राजनीति में मचे हड़कंप को लेकर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा सामने आ चुका है। लेकिन, झारखंड में ऐसा नहीं होगा। कहा कि देश ने पहले भी ऐसे कई उदाहरण देखे हैं। हर बार इसके केंद्र में भाजपा रही है।
सोरेन ने कहा कि राजनीति में शुचिता की बात करने वाली भाजपा ने राजनीतिक स्तर को गिरा दिया। इसके अलावा उन्होंने यह भी दावा किया कि झारखंड की दोनों राज्यसभा सीटों पर यूपीए गठबंधन के उम्मीदवार जीतेंगे।
वहीं, राज्यसभा की एक सीट पर झामुमो के अध्यक्ष शिबू सोरेन की जीत लगभग तय मानी जा रही है। उन्होंने बुधवार को गठबंधन की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्च के सुप्रीमो शिबू सोरेन ने विधानसभा में अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद दिशोम गुरु ने गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत का दावा किया। झामुमो के पास अभी 29 विधायक हैं, जबकि किसी भी उम्मीदवार को जीत के लिए 28 वोट की जरुरत होगी। ऐसे में शिबू का तीसरी बार राज्यसभा पहुँचना तय माना जा रहा है।
आपको बता दें कि राज्यसभा चुनाव 26 मार्च को होगा और इसी दिन शाम में नतीजा घोषित कर दिया जाएगा। जबकि 9 अप्रैल को झारखंड में राज्यसभा कोटे से दो सीटें खाली हो रही हैं। इन सीटों में से एक पर राजद के प्रेमचंद गुप्ता काबिज़ थे, जबकि दूसरे पर भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी राजसभा में पहुंचे थे। इन दोनों का कार्यकाल नौ अप्रैल को ख़त्म हो जाएगा।


