Palamu News : हुसैनाबाद में छठ घाटों की सफाई नहीं, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष ने एसडीएम को लिखा पत्र

पलामू : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं, लेकिन हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर अब तक साफ-सफाई का काम शुरू नहीं होने से श्रद्धालुओं में चिंता है।
इस मामले को लेकर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अजय प्रसाद गुप्ता ने 27 अक्टूबर 2026 को हुसैनाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा है कि नगर पंचायत क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर अब तक सफाई कार्य शुरू नहीं किया गया है, जबकि छठ पर्व नजदीक है।
उन्होंने आग्रह किया है कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत के सभी घाटों पर तत्काल विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को दिया जाए। साथ ही, जिन घाटों पर पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है, वहां जल्द से जल्द पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अजय प्रसाद गुप्ता ने कहा कि यह जनहित और लोक आस्था से जुड़ा मामला है। इसलिए प्रशासन को इस पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।


