भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने हेमंत सोरेन पर कसा तंज

रांची: बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस-वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान  प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा विधायकों के प्रशिक्षण शिविर में पक्ष विपक्ष को साथ काम करने की नसीहत देने पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब झामुमो विपक्ष में थी, तब उसने तीन वर्षों तक सदन को बाधित कर रखा, लोकहित के मुद्दों को विधानसभा में नहीं उठने दिए। यहाँ तक कि स्पीकर पर कुर्सी और जूते फेंके गये। लेकिन सत्ता में आते ही इनका रंग बदल गया। अब वे पक्ष-विपक्ष को साथ लेकर चलने की बातें कर रहे हैं।

इसके अलावा रघुबर सरकार की योजनाओं को बंद करने को लेकर भी शाहदेव ने विरोध जताया। उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार के दौरान एक रूपए में महिलाओं के लिए रजिस्ट्री कि व्यवस्था को बंद करने की सूचना मिली है। अगर ऐसा हुआ तो भाजपा इसका जमकर विरोध करेगी। हर सरकार को नई योजना बिलकुल लानी चाहिए, लेकिन पुरानी योजनाओं को बंद करना अनुचित है।

इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि जब रघुवर सरकार सत्ता में थी, तब हेमंत सोरेन, शिबू सोरेन, मधु कोड़ा सहित सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों को आवास मुहैया कराई गयी थी। लेकिन मौजूदा सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के आवास आवंटन को अभी तक लटका रखा है। इससे पता चलता है कि हेमंत सरकार विद्वेष की भावना से कार्य कर रही है।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More