झाविमो के केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक संपन्न, भाजपा में विलय पर लगा मुहर

राँची: सोमवार को झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक राजधानी के चिरौंदी स्थित आशीर्वाद बैंकट हॉल में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से पांच प्रस्ताव पास किए गए। प्रस्ताव के अनुसार 17 फरवरी को रांची के प्रभात तारा मैदान में झाविमो का भारतीय जनता पार्टी में विलय होगा। इसके अलावा पार्टी से विधायक प्रदीप यादव और विधायक बंधु तिर्की को निष्कासन पर सहमति बनी। साथ ही विलय उपरांत पार्टी की संपत्ति परिसंपत्ति विधि पूर्वक संपादन करने की भी सहमति बनी।
17 फरवरी को होने वाले विलय समारोह में भाजपा की ओर से केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उपस्थित रहेंगे। बैठक में उपस्थित झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी दिल्ली चुनाव में खराब प्रदर्शन पर भाजपा का बचाव किया। उन्होंने कहा कि पूर्व में तीन सीट जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी आज तिगुने रफ़्तार से बढ़ी है।


