रांची के अखबारों की सुर्खियां : रिक्त पदों को भरने की तैयारी, फीस नहीं देने पर स्कूल परीक्षा देने से नहीं रोक सकते, अन्य खबरें

रांची : रांची के प्रमुख अखबारों में आज तीन अहम खबरें हैं. एक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा विभागों की समीक्षा और इस दौरान दिया गया यह निर्देश की फीस जमा नही करने पर परीक्षा से छात्रों को नहीं रोका जा सकता. दूसरा संसद में प्रमोशन में रिजर्वेशन को लेकर मचे हंगामे और तीसरा बाबूलाल मरांडी भाजपा में वापसी की कवायद. इसके अलावा भी अन्य कई खबरें हैं जो ध्यान खींचती हैं.

प्रभात खबर ने आज पहले पन्ने पर नक्सलियों द्वारा किए गए बारूरी विस्फोट की अलग-अलग घटनाओं के पीड़ित लोगों पर स्टोरी की है. इसका शीर्षक है : नक्सलियों के बारूदी विस्फोट से जीवन बना नरक. अखबार ने लातेहार, चतरा, गुमला जिले के कुछ ऐसे पीड़ितों की कहानियां छापी है, जिनकी जिंदगी बारूदी सुरंग विस्फोट से बर्बाद हो गयी. पहले पन्ने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा सभी विभागों की दो दिवसीय समीक्षा की शुरुआत किए जाने की खबर भी है. अखबार ने बैठक में मुख्यमंत्री के उस बयान को हेडिंग बनाया है कि फीस नहीं देने पर स्कूल बच्चे को परीक्षा देने से नहीं रोक सकते हैं. अखबार ने इसी के साथ खबर दी है कि कल्याण विभाग के चार निगमों को एक साथ मर्ज करने का प्रस्ताव है. ये निगम हैं एससी, एसटी, ओबीसी व अल्पसंख्यक सहकारिता विकास निगम हैं.

 

अखबार ने खबर दी है कि मार्च में पांच दिन बैंक बंद रह सकते हैं और एक रुपये का नया नोट शीघ्र जारी होगी. अखबार ने ब्रीफ में यह खबर भी दी है कि आज सुबह आठ बजे से दिल्ली विधानसभा चुनाव के मतों की गिनती शुरू होगी. 2013 के डोरंडा की एक बच्ची की हत्याकांड के खुलासे की खबर अखबार में दी है. अखबार ने लिखा है कि एक महिला ने अपनी भांजी की हत्या रिश्ते के दामाद के साथ मिलकर इसलिए कर दी थी क्योंकि उन दोनों के अवैध रिश्ते का सच किसी को पता नहीं चले. पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है. उस समय बच्ची की उम्र मात्र छह साल थी. अंदर के पन्ने पर एक खबर है कि रिम्स में मरीज की मौत पर हंगामा, नर्स गार्ड ने परिजनों की पिटाई की. वहीं, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का बयान है: आपका भाई स्वास्थ्य मंत्री है, मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट की क्या जरूरत है.

अखबार ने खबर दी है कि खटंगा में बीमा एजेंट युवती से गैंगरेप किया गया जिसमें तीन लोग गिरफ्तार किए गए.
प्रमोशन में रिजर्वेशन पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा दी गयी व्यवस्था पर मचे बवाल व संसद में हंगामा एवं सरकार के जवाब की खबर भी अखबार ने लीड के रूप में कवर पेज – 2 पर छापा है. सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलौत के बयान को इसका शीर्षक बनया गया है: प्रमोशन में रिजर्वेशन पर सरकार बोली – उठाया जाएगा उचित कदम. गहलौत ने कहा कि एससी-एसटी आरक्षण पर सरकार प्रतिबद्ध है. उधर, इस मामले पर कांग्रेस 16 फरवरी को देशव्यापी विरोध करेगी.

मैट्रिक व इंटर की परीक्षा आज से होने की खबर भी है. खबर है कि नवंबर-दिसंबर में रिटर्न दाखिल नहीं करने वाले 20801 व्यापारियों का इ-’वे बिल ब्लाॅक कर दिया गया है. एक खबर है कि बाबूलाल मरांडी की भाजपा में वापसी भव्य होगी और इसके लिए अमित शाह एवं जेपी नड्डा ने दिल्ली में झारखंड के भाजपा सांसदों के साथ बैठक की. विलय 17 फरवरी को होगा और इससे पहले आज झाविमो विलय के प्रस्ताव पर मुहर लगाएगा. एक खबर है कि नेपाल का 10 साल का रामू सिर्फ ट्रेन देखने की ललक में नेपाल से यहां आ पहुंचा. यह खबर रामगढ से है. डीसी की पहल पर उसे अपने घर भेजा जा सका. अखबार ने लिखा है दीप्रवा लकड़ा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निजी सचिव हो सकते हैं. दीप्रवा लकड़ा पंजाब कैडर के आइएएस हैं. वहीं, राहुल पुरवार को मुख्य निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है. रायटर्स के सर्वे के हवाले से खबर है कि दिसंबर महीने में पांच साल के उच्चतम स्तर पर खुदरा महंगाई हो सकती है.

हिंदुस्तान ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा विभागों की समीक्षा के हवाले से अलग एंगल से खबर दी है. इसका शीर्षक है: विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती की तैयारी. अखबार ने लिखा है कि राज्य के विभिन्न विभागों में 80 हजार पद खाली हैं. अखबार ने लिखा है कि 15 विभागों के साथ मुख्यमंत्री ने समीक्षा की. यह खबर भी इसके साथ है कि बकाये फीस के लिए स्कूल बच्चों को परीक्षा से नहीं रोक सकते हैं. मैट्रिक व इंटर की परीक्षा को लेकर एक खबर है कि परीक्षा देने जा रहे हैं तो इन 10 बातों का रखें ख्याल. अखबार ने बच्चों को आवश्यक सावधानियां बतायी है. आरक्षण मुद्दे पर खबर का शीर्षक है: प्रोन्नति में आरक्षण पर सियासत, संसद में हंगामा. डोरंडा कांड में दो लोगों को गिर्तार किए जाने की खबर भी है. वहीं, बहू ने सुलह के लिए ससुर से मांगा स्मार्ट फोन. दहेज प्रताड़ना के केस के सुलह के लिए महिला ने रखी थी 12 शर्तें. यह खबर रांची से ही है.

दैनिक जागरण ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की समीक्षा बैठक को टाॅप बाॅक्स स्टोरी बनाया है. इसका शीर्षक है: फीस नहीं जमा होने पर भी छात्रों को परीक्षा से नहीं रोक सकते स्कूल. प्रमोशन में रिजर्वेशन पर वाली खबर का शीर्षक है: फैसला कोर्ट का, घमासान संसद में. अखबार ने लिखा है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रमोशन में रिजर्वेशन को मौलिक अधिकार नहीं मानने के लिए विपक्ष ने सत्तापक्ष को तो सत्तापक्ष ने कांग्रेस को जिम्मेवार बताया. सुप्रीम कोर्ट ने एससी-एसटी में किए गए संशोधन को संवैधानिक करार दिया है. ऐसे दर्ज मामलों में अग्रिम जमानत नहीं मिल सकेगी. शाहीनबाग पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई की खबर का शीर्षक है: सड़क रोक कर लोगों को नहीं कर सकते परेशान. प्रदर्शनकारियों को हटाने के संबंध में अदालत ने दिल्ली सरकार व केंद्र को नोटिस भेजा है. अखबार ने लिखा है कि प्रदर्शन में चार महीने के बच्चे की मौत पर कोर्ट ने संज्ञान लिया. रांची से एक खबर है: अब कोर्ट में कोई नहीं देख पाएगा पीड़िता का चेहरा. यह खबर महिला एवं बाल हिंसा से पीड़ितों के लिए वर्चुअल हियरिंग की व्यवस्था किए जाने और कोर्ट रूप में आधुनिक तकनीक से युक्त बनाने के संदर्भ में है.

दैनिक भास्कर ने सुप्रीम कोर्ट में शाहीनबाग पर सुनवाई को अहमियत देते हुए लीड खबर बनाया है. इस मामले में मुख्य न्यायाधीश ने पूछा कि क्या चार महीने का बच्च ा भी प्रदर्शन करने गया था. यह मामला वहां चार महीने के बच्चे की मौत जुड़ा है. चार सप्ताह में अदालत ने दिल्ली सरकार व केंद्र सरकार से जवाब मांगा. वहीं, प्रदर्शनकारियों के वकील ने दलील दी कि बच्चों को भी प्रदर्शन का अधिकार है. खटंगा की खबर का शीर्षक है: इंश्योरेंस कराने के बहाने युवती को बुलाया, पांच दोस्तों ने किया गैंगरेप. युवती को लड़कों ने एक फ्लैट में बुलाया था. सीएम हेमंत सोरेन की समीक्षा बैठक की खबर है, जिसमें बिना फी भी परीक्षा देने की अनुमति देने का निर्देश है. वहीं, आॅस्कर अवार्ड के खबर का शीर्षक है: 92 साल में पहली बार गैर अंग्रेजी भाषी कोरियाई फिल्म पैरासाइट ने इतिहास रचा, जीता बेस्ट फिल्म अवार्ड.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More