राज्य की कानून व्यवस्था लगातार गिरती जा रहीः अरुण सिंह

रांची: रविवार को राजधानी में भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार गिर रही है। राज्य में संगठित और असंगठित अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। लोगों में भय का माहौल है। बुरुगुलिकेरा में सात आदिवासियों की निर्मम हत्या कर दी गयी। इस मामले को हमारे राज्यसभा सांसद समीर उंराव ने संसद में उठाया। लेकिन, सरकार मौन होकर यह सब सिर्फ देख रही है।
उन्होंने कहा कि इस सरकार ने कृषि आशीवाद योजना के अलावा बेरोजगार भत्ता भी रोक दिया है। महामंत्री अरुण सिंह ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि जिस वायदे को हेमंत सोरेन ने जनता के समक्ष रखा था, उसे पूरी की जाए।
वही नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति पर सवाल पर उन्होंने कहा कि जल्द ही इस पर फैसला लिया जाएगा। वहीं दिल्ली में हुए चुनाव और एग्जिट पोल के नतीजों को सिरे से खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी एग्जिट पोल से कहीं ज्यादा सीट दिल्ली में जीतेगी।
प्रेसवार्ता के दौरान संगठन पर चर्चा करते हुए सिंह ने कहा कि बूथ, मंडल एवं जिला कमेटी का गठन फरवरी माह में कर लिया जाएगा और पार्टी एक सशक्त संगठन के साथ जनता की आवाज उठाएगी। उन्होंने विगत चुनाव पर चर्चा करते हुए कहा कि विगत विधानसभा चुनाव में भाजपा के वोट प्रतिशत में वृद्धि हुई है जो कि हमारे लिए सुखद है और भाजपा कार्यकर्ता इससे उत्साहित भी है। प्रेसवार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू और विधायक विरंची नारायण भी मौजूद थे।




