इंटीरियर डिजाइनर खुदकुशी मामला : अर्णब गोस्वामी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

मुंबई : रिपब्लिक न्यूज चैनल के संपादक अर्णब गोस्वामी की मुश्किलें बढ गईं हैं। एक इंटीरियर डिजाइनर को आत्महत्या के लिए कथित रूप से उकसाने के मामले में गिरफ्तार किए गए अर्णब गोस्वामी को महाराष्ट्र के अलीबाग की एक अदालत ने 18 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कोर्ट ने बुधवार देर रात हुई सुनवाई में यह आदेश दिया है।
वहीं, अर्णब गोस्वामी ने भी जमानत के लिए अर्जी दायर की है जिस पर अदालत ने जांच अधिकारी को जवाब दाखिल करने को कहा है। अर्णब के वकील गौरव पारकर ने बताया अलीबाग की अदालत से पुलिस ने अर्णब गोस्वामी को 14 दिन की हिरासत में सौंपने का अनुरोध किया था।
अर्णब के साथ ही मामले के सह आरोपी फिरोज शेख और नीतेश शारदा को भी अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
रायगढ पुलिस की एक टीम ने अर्णब गोस्वामी को बुधवार की सुबह उनके मुंबई स्थित घर से हिरासत में लिया था। पुलिस उन्हें वैन में अपने साथ ले गई थी और इसके बाद उन्होंने आरोप लगाया था कि पुलिस ने उनके व उनके बच्चे के साथ मारपीट की। उन्होंने अपनी पत्नी व सास-ससुर का भी उत्पीड़न करने का आरोप पुलिस पर लगाया था।
क्या है मामला?
इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाईक और उनकी मां ने रिपब्लिक टीवी के कथित तौर पर बकाया भुगतान नहीं करने पर 2018 में आत्महत्या कर ली थी। मई में महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने अन्वय की बेटी आज्ञा नाईक की शिकायत के बाद इस मामले में जांच के आदेश दिए।




