राहुल गांधी ने पंजाब से शुरू की खेती बचाओ यात्रा, कहा – खाद्य सुरक्षा के ढांचे को ध्वस्त कर रहे हैं मोदी

लुधियाना (Ludhiyana) : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi Kheti Bachao Yatra) ने रविवार को पंजाब से खेती बचाओ यात्रा शुरू की. उन्होंने इस दौरान लुधियाना के चाकर में एक किसान रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला किया. राहुल गांधी ने खेती बचाओ यात्रा के क्रम में जट्टपुरा में भी जनसमूह को संबोधित किया. राहुल गांधी ने कहा कि कोविड के समय तीन कृषि कानून को लागू करने की क्या जरूरत थी. क्या जल्दी थी. प्रधानमंत्री कहते हैं किसानों के लिए कानून बनाये जा रहे हैं, तो उन्होंने लोकसभा और राज्यसभा में खुल कर क्यों नहीं बातचीत की.

राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब ही नहीं बल्कि पूरे देश के अन्नदाता मोदी सरकार के काले कानूनों से स्वयं को प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं.

राहुल गांधी ने कहा कि कहा कि यह मोदी की नहीं अडानी-अंबानी की सरकार है. राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा के किसान एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे और नरेंद्र मोदी की सरकार के ख्ािलाफ इन कानूनों के खिलाफ लड़ेंगे और इन्हें हरा कर दिखाएंगे.

राहुल गांधी ने कहा कि इनका लक्ष्य एमएसपी और सार्वजनिक खरीद को खत्म करने का है. ये जानते हैं कि जैसे ही एमएसपी खत्म हुई या सार्वजनिक खरीद की व्यवस्था खत्म हुई तो हिंदुस्तान का किसान खत्म हो जाएगा.


उन्होंने कहा कि मोदी इस व्यवस्था को खत्म करना चाहते हैं क्योंकि जब तक ये व्यवस्था रहेगी, तब तक उनके मित्र अडानी और अंबानी जैसे लोग हिंदुस्तान के किसानों का पैसा नहीं ले पाएंगे, उनसे उनकी जमीन नहीं छीन पाएंगे.

कांग्रेस नेता ने किसानों से कहा कि ये मामला आपकी जमीन और पैसे का है. जब भी ये चाहते थे, तो किसानों की जमीन छीन लेते थे. हमने इसका विरोध किया, भूमि अधिग्रहण बिल जैसे काले कानून को बदला और आपकी जमीन की रक्षा की. मार्केट रेट से चार गुना ज्यादा रेट आपको दिलवाया.


राहुल गांधी ने कहा कि किसानों के अधिकारों के लिए पंजाब की पावन भूमि से संघर्ष का आगाज़ हो चुका है. मोदी सरकार के काले कानून किसान के लिए डेथ वारंट हैं. हम इन डेथ वारंट के खिलाफ कड़ा संघर्ष जारी रखेंगे.

उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा के तीन स्तंभ हैं एमएसपी, सरकारी खरीद और मंडी व्यवस्था, मोदी सरकार उसे खत्म करना चाहती है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More