Koderma News : सरकारी सेवा और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाकर मिसाल बनीं डॉ. मृणाल मंजरी

कोडरमा : वर्तमान दौर में कामकाजी महिलाओं का परिवार और समाज में विशेष योगदान है। सरकारी सेवा में रहते हुए पारिवारिक दायित्वों के साथ सामंजस्य स्थापित कर अपने कार्यों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करना कितना महत्वपूर्ण है, इसे कोडरमा जिले के डोमचांच स्थित ढाब रोड निवासी डॉ. मृणाल मंजरी ने साबित कर दिखाया है। अवकाश प्राप्त प्रोफेसर डॉ. विनय कुमार सिन्हा की पुत्री डॉ. मृणाल मंजरी वर्तमान में पटना के जेडी विमेंस कॉलेज, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में समाजशास्त्र की विभागाध्यक्ष एवं सीनियर सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्यरत हैं। वह अपनी सरकारी सेवा के महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करने के साथ परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समान रूप से निभा रही हैं।
डॉ. मृणाल मंजरी की प्रारंभिक शिक्षा दसवीं तक आईसीएसई बोर्ड के अंतर्गत नई दिल्ली के संत फ्रांसिस स्कूल, जसीडीह, देवघर से हुई। उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली, रांची से पूरी की। इसके बाद पटना विमेंस कॉलेज, पटना विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र में स्नातक प्रतिष्ठा की डिग्री हासिल की। समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर की पढ़ाई काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी से पूरी की। उन्होंने यूजीसी की जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) और नेट परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद काशी हिंदू विश्वविद्यालय से पीएचडी भी पूरी की।
बचपन से ही मेधावी रहीं डॉ. मृणाल मंजरी ने पढ़ाई के दौरान राजनीतिक स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण पदों पर रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। शिक्षा पूरी करने के बाद वर्ष 2020 में उन्होंने झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय, रांची में अस्थायी रूप से सहायक प्राध्यापक के रूप में योगदान दिया। इसके बाद वर्ष 2021 में बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) द्वारा आयोजित सहायक प्राध्यापक परीक्षा में सफल होकर जेडी विमेंस कॉलेज, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना में स्थायी रूप से नियुक्त हुईं। वर्तमान में वह इसी कॉलेज में समाजशास्त्र की विभागाध्यक्ष एवं सीनियर सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्यरत हैं।
उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि भी गौरवशाली रही है। उनके एक भाई दुबई में एक अंतरराष्ट्रीय कंपनी में लीगल ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, उनके मामा न्यायमूर्ति मनोज प्रसाद झारखंड उच्च न्यायालय, रांची में न्यायाधीश हैं। उनके एक अन्य मामा प्रशांत पल्लव झारखंड उच्च न्यायालय, रांची में वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ भारत सरकार के स्टैंडिंग काउंसिल के रूप में कार्यरत हैं।
शिक्षण एवं शोध के क्षेत्र में भी डॉ. मृणाल मंजरी का योगदान रहा है। वह अपने निर्देशन में एक छात्रा को पीएचडी करवा चुकी हैं, जबकि वर्तमान में एक अन्य छात्रा उनके निर्देशन में पीएचडी कर रही हैं।
डॉ. मृणाल मंजरी ने सरकारी सेवा में रहते हुए अपने व्यावसायिक और पारिवारिक दायित्वों के बीच संतुलन स्थापित कर एक मिसाल पेश की है। उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों और जिम्मेदारियों के प्रति समर्पण की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।




