Bokaro News: विस्थापित अप्रेंटिस संघ के मामले की उपायुक्त ने की समीक्षा, एक-दो दिनों में सरकार को भेजी जाएगी रिपोर्ट

बोकारो: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में बोकारो विधायक से प्राप्त पत्र के आलोक में विस्थापित अप्रेंटिस संघ से संबंधित मामले की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार के गृह विभाग को भेजे जाने वाले प्रतिवेदन में मामले से जुड़े सभी तथ्यों, अभिलेखों और आवश्यक दस्तावेजों का विस्तृत विवरण शामिल किया जाए। इसमें चरणबद्ध भूमि अधिग्रहण की स्थिति, नियोजन संबंधी प्रावधान, अब तक की गई कार्रवाई, अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों की संख्या तथा नियोजित एवं नियोजन के लिए शेष अभ्यर्थियों का ब्योरा और अन्य मांगों को स्पष्ट रूप से अंकित करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी आवश्यक तथ्यों और अभिलेखों के संकलन के बाद आगामी एक-दो दिनों के भीतर राज्य सरकार को विस्तृत प्रतिवेदन भेजना सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकार को मामले की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जा सके।
बैठक में संबंधित भूमि अभिलेखों के डिजिटाइजेशन पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने डीपीएलआर को नियमानुसार निविदा प्रक्रिया शुरू कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने भूमि अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण और डिजिटाइजेशन पर जोर दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, डीसीएलआर पूर्णिमा कुमारी, डीसीएलआर अनुराधा कुमारी और एपीआरओ अविनाश कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


