जेपी नड्डा : वह शख्स जो हिमाचल की राजनीति में शीर्ष पर नहीं पहुंच सका पार्टी के शिखर पर पहुंचा

नयी दिल्ली : जयप्रकाश नड्डा यानी जेपी नड्डा भाजपा के नए अध्यक्ष लगभग बन चुके हैं. आज पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन का समय निर्धारित था और उनको छोड़ कर किसी और ने पर्चा नहीं भरा तो जाहिर है उनका अध्यक्ष चुना जाना तय है. जेपी नड्डा अबतक कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में पार्टी का दिन-प्रतिदिन का काम संभाल रहे थे, लेकिन नीतिगत निर्णय के लिए अध्यक्ष के रूप में अमित शाह पद पर थे. अमित शाह दो कार्यकाल साल भर पहले ही पूरा कर चुके थे और ऐसे में भाजपा संविधान के अनुसार, उन्हें लगातार तीसरा टर्म नहीं दिया जा सकता था और वे कार्यकारिणी से मंजूरी प्राप्त विस्तारित कार्यकाल के तहत ही पद पर थे.

दूसरी बात अमित शाह के गृहमंत्री बनने के बाद एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत के हिसाब से भी नया अध्यक्ष तो चुना जाना ही था. 60 वर्षीय जेपी नड्डा का जन्म दो दिसंबर 1960 को पटना में हुआ था. मूल रूप से हिमाचली इस शख्स का कनेक्शन बिहार से रहा है. उनके पिता प्राध्यापक थे और इस नाते वे पटना में पले-बढे. पटना में ही स्कूलिंग से बीए तक की पढाई की और एलएलबी किया. वे आरएसएस व विद्यार्थी परिषद से जुड़े. फिर बाद में अपने पैतृक राज्य हिमाचल प्रदेश चले गए और वहां की राजनीति में सक्रिय हुए.

जेपी नड्डा संगठन के आदमी माने जाते हैं. जेपी नड्डा कभी हिमाचल प्रदेश में प्रेम कुमार धूमल सरकार में मंत्री होते थे. 1993 में हिमाचल प्रदेश विधानसभा पहुंचने वाले नड्डा की संगठन में अच्छी पैठ रही. यह माना जाता है कि धूमल के दबदबे के कारण वे हिमाचल की राजनीति के शिखर पर नहीं पहुंच सके. उन्हें घरेलू राजनीति में उपेक्षा झेलनी पड़ी. हालांकि राष्ट्रीय राजनीति में उनकी काबिलियत ने उन्हें पहचान दिलायी.

जेपी नड्डा ने संगठन में काम करते हुए अपने हर पालटिकल बाॅस का विश्वास हासिल किया. उन्हें नरेंद्र मोदी-अमित शाह का भी भरोसा हासिल हुआ. इसका परिणाम है कि सूबे की राजनीति में उपेक्षित माने गए जेपी नड्डा देश की सबसे बड़ी पार्टी के अध्यक्ष बनने जा रहे हैं.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More