Dhanbad News: बीआईटी सिंदरी के डॉ. मनौवर हुसैन की पुस्तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित
-1024x614.jpg)
धनबाद: बीआईटी सिंदरी के उत्पादन एवं औद्योगिक अभियांत्रिकी विभाग में सहायक प्राध्यापक डॉ. मनौवर हुसैन द्वारा सह-संपादित पुस्तक ‘एडवांस्ड कोटिंग एंड क्लैडिंग टेक्नोलॉजीज’ का प्रकाशन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रकाशक CRC Press, Taylor & Francis Group ने किया है। पुस्तक का संपादन डॉ. पंकज कुमार, डॉ. दीपेन कुमार राजक और डॉ. मनौवर हुसैन ने संयुक्त रूप से किया है।
पुस्तक में लेजर क्लैडिंग, कोल्ड मेटल ट्रांसफर (सीएमटी), निकेल आधारित एवं हाई-एंट्रॉपी एलॉय कोटिंग्स के साथ मशीन लर्निंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित कोटिंग तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की गई है। इन उन्नत तकनीकों का उद्देश्य मशीनों एवं उपकरणों को उच्च तापमान, घिसाव और संक्षारण से सुरक्षा प्रदान करने के साथ उनकी कार्यक्षमता तथा सेवा-आयु बढ़ाना है।
पुस्तक में शामिल तकनीकों का ऑटोमोबाइल, एयरोस्पेस, मैन्युफैक्चरिंग और बायोमेडिकल जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण अनुप्रयोग है। यह पुस्तक शोधार्थियों, स्नातकोत्तर विद्यार्थियों, शिक्षकों और इंजीनियरिंग क्षेत्र के विशेषज्ञों के लिए उपयोगी संदर्भ सामग्री के रूप में उपलब्ध है। पुस्तक अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसे प्रमुख ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है।
डॉ. मनौवर हुसैन की इस उपलब्धि पर संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) पंकज राय, विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) प्रकाश कुमार सहित विभाग के अन्य प्राध्यापकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बीआईटी सिंदरी की अकादमिक और शोध गतिविधियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में सहायक होगी।


