रांची: वंदे वांच्छित लाभाय चंद्रार्धकृतशेखरा! वृषारूढ़ां शूलधरां शैलपुत्रीं यशस्विनीम !! आश्विन मास शुक्लपक्ष प्रतिपदा तिथि रविवार को शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हुई। मंदिरों, पूजा पंडालों और घरों में विधि-विधान से कलश स्थापना के साथ मां भगवती की आराधना शुरू हुई। सुबह से मंदिरों व पंडालों में चंडीपाठ की गूंज सुनाई पड़ने लगी। दिनभर रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद भक्तों का उत्साह चरम पर दिखा। राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में मां भगवती के मंत्र से वातावरण भक्तिरस में डूब गया।
भक्तों द्वारा कलश में जल, गंगाजल भरकर, उस पर आम्र पल्लव रखा गया। उसके ऊपर ढककर रखकर अरवा चावल और लाल कपड़े में पानी वाला नारियल लपेट कर रखा। इसके बाद हाथ में अक्षत, फूल, रोली लेकर पूजा का संकल्प लिया गया। पहले पंचदेवता की पूजा हुई। इसके बाद कलश की, फिर नवग्रह की पूजा की गई। मां दुर्गा को धूप, दीप, नैवेद्य, फल अर्पित कर दुर्गा सप्तशती का पाठ श्रद्धालुओं ने किया। पाठ के बाद मां की आरती उतारी गई। पूजा नौ दिनों तक चलेगी। नवमी को हवन के साथ नवरात्र की पूजा संपन्न होगी। दशमी की पूजा के बाद कलश को जल में विसर्जित किया जाएगा। भक्तों ने आज अभिजित मुहूर्त का ध्यान रखते हुए इसके निर्धारित समय सुबह 11 बजकर 48 मिनट से दोपहर 12 बजकर 48 मिनट तक में ज्यादा से ज्यादा कलष स्थापित करने का प्रयास किया। वैसे मुर्हूत की बात करें तो दिनभर में तीन मुर्हूत थे।
9 दिन, 6 महासंयोग, पूजा से नौ गुणा फल: आचार्य मिथिलेश
नवरात्रि पर प्रकाष डालते हुए रांची किशोरगंज निवासी आचार्य मिथिलेश मिश्र का कहना है कि नवरात्रि 29 सितंबर से लेकर 7 अक्टूबर तक रहेगी। आरंभ का दिन रविवार है, नवरात्रि में कई शुभ संयोग होंगे व पूजा करने से 9 गुना फल प्राप्त होगा। नवरात्रि के आरंभ के 6 दिन विशेष योग रहेंगे। इसमें 30 सितंबर को अमृत सिद्धि योग, 1 अक्टूबर को रवि योग, 2 अक्टूबर को अमृत और सिद्धि योग, 3 अक्टूबर को सर्वार्थ सिद्धि, 4 अक्टूबर को रवि योग, 5 अक्टूबर को रवि योग और 6 अक्टूबर को सर्वसिद्धि योग रहेगा।
नवरात्रि के पहले दिन शैलपुत्री, दूसरे दिन ब्रह्मचारिणी, तीसरे दिन चंद्रघंटा, चैथे दिन कुष्मांडा, पांचवें दिन स्कंदमाता, छठे दिन कात्यानी, सातवें दिन कालरात्रि, आठवें दिन महागौरी, नवें दिन सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। माता के इन रूपों की विधि विधान पूजा करने से कष्टों से मुक्ति मिल जाती है। आचार्य ने बताया कि नवरात्र का अर्थ 9 विशेष रात्रियों से होता है। इस समय शक्ति के 9 रूपों की उपासना का श्रेष्ठ काल माना जाता है। रात्रि शब्द सिद्धि का प्रतीक है। सिद्धि और साधना की दृष्टि सेे शारदीय नवरात्र को अधिक महत्वपूर्ण माना गया है। इस नवरात्र में लोग अपनी आध्यात्मिक और मानसिक शक्ति के संचय के लिए अनेक प्रकार के व्रत, संयम, नियम, यज्ञ, भजन, पूजन, योग-साधना आदि करते हैं। शक्ति की उपासना आदिकाल से चली आ रही है। समस्त देवताओं की शक्ति का समुच्चय जो आसुरी शक्तियों से देवत्व को बचाने के लिए एकत्रित हुआ था, उसकी आदिकाल से आराधना दुर्गा-उपासना के रूप में चली आ रही है।