धनबाद: विधानसभा चुनाव की तैयारी के सिलसिले में गुरुवार को धनबाद पहुंचे झारखंड प्रदेश भाजपा के सह चुनाव प्रभारी नंद किशोर यादव मीडिया के सामने असहज दिखे। मीडिया ने उनसे विधायक ढुलू महतो द्वारा एक परिवार को प्रताड़ित किये जाने के मामले पर जमकर सवाल दागे। आखिरकार श्री यादव ने कहा कि उनके पास विधायक के खिलाफ कोई शिकायत नहीं है और यदि मिलती तो कार्यवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि बुधवार को यहां के स्थानीय विधायक की प्रताड़ना से तंग आकर एक दंपति ने डीसी कार्यालय के बाहर आत्मदाह करने का प्रयास किया था, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बचा लिया। इस दौरान विधायक ढुल्लू महतो द्वारा पार्टी की ही महिला पदाधिकारी के साथ दुष्कर्म किये जाने की कोशिश का मामला उठाया गया तो श्री यादव ने कहा कि उन्हें किसी बात की जानकारी नहीं है।
65 प्लस का लक्ष्य हासिल करेंगे: नंद किशोर यादव ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि भाजपा ने जो झारखंड में पैंसठ प्लस सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है, उसे आसानी से प्राप्त कर लेगी। एक बार यहां भाजपा की ही सरकार बनेगी। पार्टी इस बार उसे ही टिकट देगी, जो जीतने वाला उम्मीद्वार होगा।