वन वे के विरोध में अपर बाजार में व्यापारियों का प्रदर्शन

चैंबर पर गंभीर आरोप लगाया
रांची: राजधानी की थोक मंडी अपर बाजार के व्यापारियों ने वन-वे व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को जोरदार विरोध किया। इस बाबत उन्होंने ‘वन-वे वापस लो’ और ‘ट्रैफिक पुलिस हाय-हाय’ के नारे लगाकर प्रदर्शन किया और प्रदेश चेंबर ऑफ काॅमर्स पर निशाना साधा। चेंबर के अध्यक्ष कुणाल आजमानी से इन आरोपों को खाजिर करते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद ही वे इस मामले के समाधान को लेकर तत्पर हो चुके हैं।
अपर बाजार के व्यापारियों ने कहा कि वन-वे व्यवस्था रोजी-रोटी पर आफत है और दुकानदारी खत्म हो गई है। दुकान का किराया चुकाने लायक कमाई भी नहीं हो रही है। इनका मानना है कि देश की किसी भी थोक मंडी में ऐसा नियम नहीं है। इनका कहना है कि व्यापारियों के पेट में लात मारने की यह एक सुनियोजित साजिश है। इनका आरोप है कि बड़े व्यापारियों को इससे छूट दी जा रही है। इनका ये भी कहना है कि चुरुवाला गली में भी वन-वे लागू हुआ था, लेकिन बड़े लोगों के दबाव में इस आदेश को वापस ले लिया गया। हम छोटे व्यापारी है, इसलिए हमारी कोई नहीं सुन रहा है। इनका दो टूक कहना है कि यदि यह व्यवस्था लागू करना है तो पूरे बाजार में लागू किया जाय। यदि उनकी बात नहीं सुनी गई तो वे पूरे परिवार के साथ धरना देंगे। व्यापारियों को कहना है कि वे पुलिस, प्रशासन सहित राजनीति दलों तक को अपनी फरियाद सुना चुके हैं, लेकिन फायदा नहीं। अब सड़क पर उतरने का रास्ता बचा हुआ है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More