गरीबों को मिला मुफ्त आशियाना
रांची: कांटा टोली स्थित बिरसा मुंडा बस के समीप दीनदयाल अंत्योदय योजना- राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत भारत सरकार एवं झारखंड सरकार के वित्त संपोषण से पुरुष एवं महिला आश्रय विहीनों के लिए निर्मित 50-50 शैया के आश्रय गृह का उद्घाटन शनिवार को नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने किया। उन्होंने संचालकों को निर्देशित किया कि आश्रय गृह का रख-रखाव सुचारू रूप से हो एवं इसका दुरुपयोग असामाजिक तत्वों द्वारा न हो इसपर विशेष ध्यान रखेंगे।
इसके तहत समाज के गरीब, आश्रयविहीन जरूरतमंदों को फायदा मिलेगा। मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में मेयर आशा लकड़ा व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय उपस्थित थे। रांची नगर निगम के वार्ड 13 की पार्षद पूनम देवी और नगर निगम के पदाधिकारी सहित कर्मचारी भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। इस अवसर पर मेयर आशा लकड़ा ने कहा कि बस स्टैंड परिसर में आश्रय गृह बन जाने से यहां रात में आने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी। अक्सर रात में वाहन नहीं मिलने के कारण लोगों को अपने घर जाने में परेशानी होती थी लेकिन आश्रय गृह बनने के बाद से अब लोगों को यहां रात बिताना आसान और सुरक्षित हो सकेगा।