गढ़वा: वज्रपात से 8 लोगों की मौत, 20 घायल

गढ़वा: जिले के मझियांव थानाक्षेत्र के लोहागारा गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना घटी। वज्रपात की चपेट में आने से 8 मजदूरों ने दम तोड़ दिया। इनके खेत में काम करने के दौरान ठनका गिरने से ये हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस ने पहुंचकर फौरन इन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में 20 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें 18 छात्राएं हैं। सभी मृतक चंद्री व लोहरपुरवा के निवासी हैं। इनमें श्रवण चौधरी के दो पुत्र कृष्णा चौधरी (15) व सोनू चौधरी (18), मुरारी पटवा के पुत्र अंतू पटवा (16), राजेश चौधरी के पुत्र शुभम कुमार चौधरी (20), बबलू लाल चौधरी के पुत्र पवन कुमार (18), गोपाल चौधरी के पुत्र सुनील चौधरी (24) तथा उपेंद्र चौधरी के पुत्र राजू चौधरी (25) शामिल हैं।
घटना के बाबत बताया गया कि गुरुवार की दोपहर करीब एक बजे बारिश के दौरान सभी लोगों ने घर से महज 10 मीटर की दूरी पर स्थित महुआ पेड़ के नीचे रूके थे। इसी बीच में हुए वज्रपात से ये हादसा हुआ। गंभीर रूप से घायल राजन पटवा के दो पुत्र रौशन पटवा तथा राजू पटवा को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा में रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद से प्रशासनिक महकमा राहत कार्य में जुट गया। घायलों को इलाज हेतु एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया। दूसरे एंबुलेंस से मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। सिविल सर्जन डॉ. नंद किशोर रजक के नेतृत्व में चिकित्सकों की टोली घायलों के इलाज में जुटी हुई है। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार, मझिआंव के बीडीओ अमरेन डांग, सीओ राकेश सहाय, गढ़वा बीडीओ जागो महतो, सीओ जेके मिश्रा भी इस बाबत अस्पताल पहुंचकर घायलों से उनके हालात पूछे।
एक अन्य घटना गढ़वा के ही खरौंधी में हुई। यहां दोपहर पौने दो बजे उवि खरौंधी के भवन पर वज्रपात की चपेट में आकर 18 छात्राएं घायल हो गईं। शिक्षक और ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए प्राइवेट क्लिनिक कादरी में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल 8 छात्राओं को बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनाथपुर रेफर कर दिया गया है। घायल छात्राएं आठवीं से दसवीं कक्षा की हैं। इनके नाम क्रमश: अंशु कुमारी, निधि पांडेय, अर्पणा कुमारी, पूजा कुमारी, पूष्पा कुमारी, रूबी कुमारी, सीमा कुमारी, नीतू कुमारी, गायत्री कुमारी, सुजाता कुमारी, पूनम कुमारी, नेहा कुमारी, कलिंदा कुमारी व कविता कुमारी हैं। जिले के उपायुक्त हर्ष मंगला ने बताया कि जिले के क्षेत्रों में अलग- अलग घटनाओं में वज्रपात की घटना से 8 लोगों की मौत हो गई है। सभी मृतक के आश्रितों को 24 घंटे के भीतर सरकारी प्रावधान के तहत 4-4 लाख रुपये का भुगतान कर दिया जाएगा।
घटना से मन दुखी व व्यथित: मुख्यमंत्री
4-4 लाख मुआवजा का निर्देश
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने ट्वीट कर इस घटना को बेहद दुखद व मर्माहत करनेवाला बताया है। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने का निर्देश दिया है। कहा कि मन बहुत व्यथित है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More