नक्सलवाद में कमी आयी है, झारखंड में निवेश बढ़ रहा: डीजीपी

रांची विश्वविद्यालय में मनाया गया विश्व बंधुत्व दिवस
रांची: झारखंड के डीजीपी केएन चौबे ने कहा है, कि प्रदेश में नक्सलवाद में कमी आयी है और इसी कारण अब यहां निवेश भी बढ़ रहा है। कई बड़ी-बड़ी कंपनियां यहां उद्योग लगाने का लालायित हैं व आज की तारीख में यहां रैली से लेकर पर्यटन तक में बढ़ोतरी आई है। वे रांची विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में आहूत विश्व बंधुत्व दिवस के मौके पर आहूत कार्यक्रम में बोल रहे थे। डीजीपी ने कहा कि नक्सलवाद की समस्या में निरंतर वर्षों के प्रयास से भारी कमी आई है। खूनी विद्रोह से सभ्य समाज का नाश हो रहा है व लोगों को गलत विचारों द्वारा गलत राहों पर ले जाने का षड्यंत्र हो रहा है। नक्सलवाद के खात्मे को लेकर पुलिस विभाग तत्पर है और जल्द ही जड़ से इसका खात्मा होगा।
विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी कि रांची शाखा व राष्ट्रीय सेवा योजना रांची विवि के संयुक्त तत्वाधान में आहूत कार्यक्रम में राष्ट्रीय आंतरिक सुरक्षा एवं संभावित चुनौतियां विषय पर एक विमर्श का आयोजन भी हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में प्रकाश सिंह, पूर्व पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, असम व पूर्व महानिदेशक सीमा सुरक्षा बल मौजूद थे। प्रकाश सिंह ने राष्ट्रीय सुरक्षा को देश के विभिन्न कालखंड में विभिन्न दशकों की चर्चा की। उन्होंने 50 के दशक की नॉर्थईस्ट की अशांति से लेकर 60 के दशक में नक्सल, 70 के दशक में उल्फा, 80 के दशक में पंजाब के खालिस्तान और 90 के दशक में कश्मीर के साथ- साथ अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद के बारे में जानकारी दी।
कहा कि देश में इंटरनल सिक्योरिटी डॉट्रेने नहीं होने के कारण बहुत सारी समस्याओं का समाधान करना बहुत ही मुश्किल है। अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद से निपटने के लिए कोई स्थाई समाधान तो नहीं है इनसे हमें लड़ना ही पड़ेगा, लेकिन अन्य आंतरिक समस्याओं को सुलझाने के लिए सरकारी तंत्र को सुधार कर इसमें कुछ विकास किया जा सकता है। कहा कि जिस तरह सरकार इस मामले का निपटारा सोच रही है वास्तविक रूप में यह उसका हल नहीं है। यह एक बहुत ही गंभीर समस्या है, जिसे आंकड़ों के आधार पर नहीं देखना चाहिए। इस संदर्भ में उन्होंने कहा कि भारत का एक अच्छा खासा युवा वर्ग इस्लामिक स्टेट की आईडियोलॉजी के समर्थन में आगे आ रहा है यह देश की आंतरिक व्यवस्था के लिए भविष्य में बहुत ही खतरनाक साबित हो सकता है।
उन्होंने इकनोमिक टेररिज्म भारत में बांग्लादेश नेपाल व विभिन्न बॉर्डर के माध्यम से नकली नोटों को फैलाए जाने पर चर्चा की व कहा कि यह हमारे इकोनामी को दिन-ब-दिन खोखला करता जा रहा है। सरकार को इस पर विशेष ध्यान देते हुए इस तरह के व्यापक विस्तार को रोकना बहुत ही जरूरी है। ये मामला सीधा हमारे आंतरिक सुरक्षा के मामले से जुड़ा हुआ है। कहा कि दशकों से नागालैंड नॉर्थईस्ट को अव्यवस्थित करने के लिए इनसरजेंशी का एक केंद्र बिंदु बना रहा है आज भी नागालैंड में बहुत से मिलिटेंट्स ग्रुप है जो सक्रिय रूप से सरकार के खिलाफ काम कर रहे हैं।
अध्यक्षीय उदबोधन में रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ रमेश कुमार पांडेय ने कहा कि आज का व्याख्यान हमारे छात्रों के लिए मील का पत्थर साबित होगा जो उन्हें सही रास्ते पर चलने के लिए अवश्य प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि आंतरिक समस्याओं को सुलझाने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर काम करना पड़ेगा। इस बाबत कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। मौके पर रांची विवि की प्रति कुलपति डॉ कामिनी कुमार, सिद्धू कानू मुर्मू विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ हनुमान प्रसाद शर्मा, महाधिवक्ता चंद्रमौली सिंह, डॉ अशोक चौधरी, डॉ विजय सिंह, डॉ केसी प्रसाद सहित कई लोग मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More