झारखंड के लिए जदयू एक -स्वच्छ सशक्त विकल्प: सालखन

जमशेदपुर/रांची: झारखंड के 19 साल के कालखंड में झामुमो व भाजपा ने प्रदेश में शासन किया है। इसके बावजूद आदिवासी व मूलवासियों को सपनों का झारखंड नहीं मिल पाया है। ऐसे में जदयू यहां एक बेहतर व मजबूत विकल्प के रुप में सामने है। पार्टी यहां स्वच्छ व बेहतर शासन देने का माद्दा रखती है। उक्त बातें गुरुवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू ने मीडिया से बात करते हुये कही।
पूर्व सांसद ने कहा कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के व्यक्तित्व और नीतीश मॉडल के पांच मंत्र सुशासन, न्याय के साथ विकास, महिला सशक्तिकरण, शराबबंदी और जनकल्याण (पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार आदि) से झारखंड जरूर बदलेगा। साथ ही पार्टी झारखंड में सभी संवैधानिक प्रावधानों को लागू करते हुए पूर्व घोषित 73 प्रतिशत आरक्षण और अन्य को 10 प्रतिशत आरक्षण की पक्षधर है। मुर्मू ने कहा कि शिबू सोरेन व हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चार बार सरकार बनी, बावजूद झामुमो हासा (भूमि), भाषा (झारखंड भाषा-संस्कृति) और नौकरी (डोमिसाइल) बचाने में असमर्थ रही. सीएनटी व एसपपीटी कानून को खुद तोड़ा औैर संताली भाषा को प्रथम राजभाषा बनाने की दिशा में कोई योगदान नहीं किया।
श्री मुर्मू ने कहा, कि झामुमो ने सरना धर्म को बचाने के लिए भी कोई प्रयास नहीं किया है। ऐसे में जेएमएम पूरी तरह से नकारा साबित हुई है। शिबू सोरेन भी लोकसभा चुनाव हारे। जाहिर है, कि उनसे कोई उम्मीद अब बेकार है। सालखन मुर्मू ने भाजपा पर सीएनटी व एसपीटी कानून को कई बार तोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि बड़े-बड़े पूंजीपतियों और उद्योपतियों के लिए जबरन भूमि अधिग्रहण कर झारखंडी जन को विस्थापन व पलायन करने के लिए मजबूर करना भाजपा का विकास मॉडल है। इस मौके पर पार्टी पदाधिकारी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More