कोडरमा: डीसी के जनता दरबार में पहुंचे कई फरियादी

कोडरमा: जिले के उपायुक्त रमेश घोलप की अध्यक्षता में मंगलवार को आहूत जनता दरबार में लगभग 50 आवेदन प्राप्त हुये। इस बाबत राशन कार्ड, आयुष्मान भारत के तहत गोल्डन कार्ड, जमीन से संबंधित समस्या एवं अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन आया तो डीसी ने सभी का अवलोकन करने के बाद विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में वर्षा कुमारी पिता स्वर्गीय संजय साव ग्राम माहथाडीह डोमचांच जो एक पैर से विकलांग है के द्वारा विकलांगता प्रमाण पत्र बनाने हेतु आवेदन दिया गया साथ ही पढ़ाई करने हेतु सहायता एवं सुविधा की मांग किया गया। इस पर उपायुक्त ने आवेदन का अवलोकन करते हुए वर्षा कुमारी का विकलांगता प्रमाण पत्र मंगलवार तक बनाने हेतु सिविल सर्जन को निर्देश दिया। उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना का लाभ देने हेतु जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिए साथ ही उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई कर योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित करें।
सरियन हंस, नीलम तिग्गा, सुशीला हेरेंज ने स्थानांतरण को रोकने हेतु, मोहम्मद कयूम ग्राम कोलगरमा ने मनरेगा मनरेगा योजना के तहत रोजगार दिलाने, सुभाष यादव ग्राम पगडंडा गुम्मो प्रखंड चंदवारा ने विकलांग प्रमाण पत्र में विकलांगता प्रतिशत बढ़ाने, सामंतो ऑटो सर्विस के द्वारा पेट्रोलियम राशि का भुगतान कराने, बिंदेश्वर मोदी गांधी स्कूल रोड ने बच्चे के हृदय रोग के इलाज हेतु पीएच राशन कार्ड एवं गोल्डन कार्ड बनाने, दिनेश कुमार राणा डोमचांच ने गोल्डन कार्ड हेतु, रवीना खातून ग्राम भवनडीह ने लोन दिलाने, नुन्नु यादव ग्राम बैलगाड़ा ने मकान ध्वस्त हो जाने पर प्रधानमंत्री आवास दिलाने हेतु गुहार लगाई। जमीन से संबंधित प्राप्त आवेदनों का अपर समाहर्ता कोडरमा के द्वारा निराकरण किया गया। जनता दरबार में अपर समाहर्ता कोडरमा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कोडरमा, जिला लेखा पदाधिकारी कोडरमा, गोपनीय प्रभारी एवं दिनेश कुमार मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More