15 हजार में खरीदे व 4 लाख में बेचे जाते थे बच्चे
स्टेट ब्यूरो: प्रदेश के रामगढ़ जिला अंतर्गत वृंदावन सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर एंड मेडिकल साइंस में बच्चों को खरीदकर बेचे जाने का एक गंभीर मामला पकड़ में आया है और इस बाबत गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार की देर रात की गई छामेमारी के दौरान छह से सात माह की एक बच्ची व एक बच्चे को बरामद भी किया गया है। छापेमारी में पुलिस के साथ- साथ चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) भी शामिल थी। दो शिशुओं को चाइल्डलाइन में रखा गया है।
रामगढ़ एसपी प्रभात कुमार के अनुसार बच्चों की खरीद- बिक्री संबधित हमें गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद फौरन एक टीम बनाकर कार्रवाई करते हुये अस्पताल से दो शिशुओं को बरामद किया गया है। इस बाबत अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं किया गया है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है। इसके बाद ही कोई भी तथ्य स्पष्टता से कही जा सकती है। पुलिस के अनुसार अस्पताल की दाई ने दावा किया कि दोनों बच्चे उसी के हैं, सख्ती से की गई पुछताछ पर इस बात का खुलासा हुआ, कि अस्पताल में शिशु को बेचने का बड़े पैमाने पर धंधा चलाया जा रहा है। नवजात बच्चों को कोलकाता व आसपास के राज्यों से 15 से 20 हजार में खरीदकर रामगढ़ लाया जाता है व फिर उसे रामगढ़ के वृंदावन अस्पताल एंड रिसर्च सेंटर की संचालिका डॉ मालती द्वारा नवजात बच्चों को 4-4 लाख में बेचा जाता है। ये धंधा कई वर्षों से किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार इस पूरे कांड में कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।
डाॅ मालती चार रामगढ़ सहित झारखंड की जानी- मानी चिकित्सकों की श्रेणी में आती हैं। बाल कल्याण समिति के पदाधिकारी सहित रामगढ़ पुलिस ने अस्पताल पहुँचकर जब बच्चों के बारे में जानकारी लेनी चाही, तो वहां मौजूद डाॅ मालती, दाई व नर्स के बयान एक-दूसरे से भिन्न थे। डॉक्टर का कहना था कि दोनों बच्चों को गोद लेना चाहती है, जबकि दाई ने कहा कि बच्चे उसके थे। खास बात ये है कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई भी पक्ष नहीं रखा गया है और ना ही कोई अधिकारी फोन उठा रहे हैं। अस्पताल की वेबसाइट पर मौजूद सभी फोन नंबर या तो बंद हैं या फिर उन्हें कोई उठा रहा है। ज्ञात हो कि स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में काम करने वाला गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) मैत्री इस अस्पताल का संचालन करता है।