21 अगस्त को किसानों में बटेंगे 50 हजार स्वाइल कार्ड: पूजा

रांची: मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के तहत मिट्टी के डाक्टरों (स्वयं सहायता समूह की दीदी) के सम्मान समारोह का आयोजन आगामी 21 अगस्त को राजधानी के खेलगाँव में किया गया है। मुख्यमंत्री रघुवर दास इसमें बतौर मुख्यमंत्री शामिल रहेंगे। मौके पर किसानों के बीच में 50 हजार स्वाइल हेल्थ कार्ड बांटे जायेंगे। उक्त बातें कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की सचिव पूजा सिंघल ने सोमवार को सूचना भवन में मीडिया से कही।
सचिव ने कहा कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना का शुभारंभ फरवरी 2015 में हुआ था। प्रत्येक किसान का स्वाइल हेल्थ कार्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि मिट्टी की जांच अब स्वयं सहायता समूह की दीदी करेंगी। इसके लिए उन्हें किट भी उपलब्ध कराया जायेगा। हरेक पंचायत में दो- दो डाक्टर दीदी रहेंगी, जो मिट्टी कलेक्ट कर जांच करेंगी इसके लिए उन्हें स्वाइल हेल्थ कार्ड, रशीद भी दिया जायेगा। ताकि वह किसानों को बता सकें कि कितने हेक्टेयर में यूरिया कितना डालना है। कहा कि अभी तक राज्य में 6700 डाक्टर दीदी का चयन किया जा चुका है। उनका 10 दिवसीय प्रशिक्षण होगा, जिसमें उन्हें मिट्टी जांचने से संबंधित प्रशिक्षण दिया जायेगा। इसके अलावा गांव में भी उन्हें एक सप्ताह की ट्रेनिंग दी जायेगी। हरेक पंचायत में किट दी जायेगी। उन्होंने कहा कि हरेक कार्ड सैंपल जांच पर 140 रूपये दिये जायेंगे। किट सरकार देगी और उसकी रिफलिंग भी करायेगी। कहा कि डाक्टर दीदी का चयन जेएसपीएलएस के माध्यम से किया गया है। उन्होंने बताया कि जैसमिन प्रशिक्षण केंद्र से कुल 8664 मिट्टी के डाक्टर के प्रशिक्षण का कार्यक्रम रखा गया है, जो दो सप्ताह चलेगा और कुल बैच की संख्या 434 होगी।
श्रीमती सिंघल ने कहा कि इस बाबत 350 मिट्टी के डॉक्टरों को पहचान पत्र निर्गत किया जाएगा। इसके अलावे 120 मृदा परीक्षक एवं 120 रियेज्न्ट रिफिल का भी वितरण किया जायेगा। कहा कि कृषकों को डोर स्टेप पर निःशुल्क मृदा विश्लेषण की सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार के वर्ष 2018 में 1864 मिनी लैब एवं मिनी लैब का 2600 अतिरिक्त रिफिल उपलब्ध कराया गया था। मृदा स्वास्थ्य कार्ड को तीव्र गति से कृषकों के बीच उपलब्ध कराने हेतु मिनी लैब महत्वपूर्ण योगदान कर रहा है। मिनी लैब को सुगमता एवं दक्षता पूर्वक संचालित करने हेतु राज्य के प्रत्येक पंचायत में दो- दो प्रशिक्षित महिला समूह के सदस्य आर्य मित्र कृषक मित्र को प्राथमिकता के आधार पर संबद्ध किया जा रहा है। जिसे बोलचाल की भाषा में मिट्टी के डॉक्टर नाम दिया गया है। बताया कि इस योजना में कृषकों के खेतों से मिट्टी का नमूना का संग्रहण ग्रिडवार किया जा रहा है।
ग्रिड के कमपोजिट सॉइल सैंपल का संग्रहण करते हुए ग्रीड अंतर्गत सभी कृषकों को मृदा विश्लेषण के उपरांत मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराया जा रहा है। कहा कि प्रदेश के कई किसान नहीं जानते कि अधिकतम उपज प्राप्त करने हेतु फसलों का पोषण कैसे किया जा सकता है। ऐसे में मृदा के विश्लेषण द्वारा मिट्टी की गुणवत्ता का अध्ययन करके एक अच्छी फसल प्राप्त करने हेतु मृदा स्वास्थ्य कार्ड द्वारा फसलवार रासायनिक जैविक जीवाणु खाद तथा मृदा सुधार को जैसे चुना डेलामाइट आदि का समन्वित एवं संतुलित प्रयोग के बारे में मिट्टी के डॉक्टरों द्वारा जानकारी दी जाएगी, जिससे किसान अपने उत्पादों में गुणवत्ता व वृद्धि प्राप्त कर सकेंगे। मौके पर कृषि निदेशक छवि रंजन, सूचना व जनसंपर्क निदेशक राम लखन प्रसाद गुप्ता, संयुक्त सचिव कृषि पशुपालन व सहकारिता विभाग मंजुनाथ भजंत्री सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।
[URIS id=9499]

