धन्यवाद ज्ञापन व पुष्प गुच्छ की परिपाटी खत्म, सीएस का निर्देश
रांची: मुख्य सचिव डॉ डीके तिवारी ने गुरुवार को एक बड़ा फैसला लेते हुये राज्य सरकार के कार्यक्रमों सहित राजकीय समारोह के प्रोटोकॉल में धन्यवाद ज्ञापन के अलावे पुष्प गुच्छ की परिपाटी को समाप्त करने का निर्देश दिया है। सीएस ने इसके बदले समारोह में गणमान्य अतिथियों का स्वागत सीधे संबोधन के माध्यम से करने की बात कही है।
सीएस ने कहा कि यदि कार्यक्रम में यदि पुष्प गुच्छ देना अत्यंत आवश्यक महसूस हो रहा हो तो इसके स्थान पर एक अकेला पुष्प दिया जा सकता है, किंतु यह भी अपवाद स्वरूप होगा। कहा गया है कि यदि ऐसा अत्यंत महत्वपूर्ण हो तो पुष्प गुच्छ देने से पहले राज्य सरकार से अनुमोदन प्राप्त करना होगा। मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिया कि ऐसे राजकीय कार्यक्रम जिसमें भारत के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व झारखंड के राज्यपाल मुख्य अतिथि अथवा गणमान्य अतिथि के रुप में सम्मिलित होते हैं, तो ऐसे कार्यक्रमों का संचालन संबंधित कार्यालय द्वारा अनुमोदित होने वाले मिनट टू मिनट कार्यक्रम के आधार पर ही किया जाए। सीएस ने कहा कि इनका स्वागत उदघोषक वक्तव्य से करेंगे।
सीएस के निर्देशानुसार अब धन्यवाद ज्ञापन की परिपाटी भी खत्म कर दी गई है। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार के द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों तथा योजनाओं के उद्घाटन शिलान्यास परिसंपत्तियों के वितरण जैसे राजकीय कार्यक्रम व विभिन्न राज्य के समारोहों के आयोजन के संचालन में अक्सर समय सीमा के भीतर कार्यक्रम को प्रभावी तरीके से करने में अत्यंत कठिनाई होती है, इन सब को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संपन्न करने के लिए ये निर्णय लिए गए हैं। इसे दृढ़ता पूर्वक अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु राज्य के सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, सभी प्रधान सचिव, सभी सचिव, सभी प्रमंडलीय आयुक्त, सभी विभागाध्यक्ष सहित सभी उपायुक्तों को निर्देश जारी कर दिया गया है।
[URIS id=9499]

