15 सितंबर तक लोकार्पण हेतु तैयार होगा नवनिर्मित विधानसभा: मुख्यमंत्री

रांची: टेंडर निष्पादन की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ करें व किसी संवेदक को इस बाबत का एहसास ना हो, कि उसके साथ कोई भी भेदभाव किया जा रहा है। एक ऐसा सिस्टम निर्मित करें, कि पूरी प्रक्रिया आईने की तरह साफ दिखे। उक्त बातें मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में पथ निर्माण व भवन निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि आगामी 15 सिंतबर तक नवनिर्मित विधानसभा बनकर लोकार्पण हेतु तैयार रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद 14 सालों में राज्य के पास अपना विधानसभा भवन नहीं बन सका। पिछले साढे 4 साल के कार्यकाल में इसका शिलान्यास भी हुआ, इसके निर्माण में जन सहयोग से बाधाएं भी दूर हुई। इसके विस्थापितों के लिए सबसे बेहतरीन आदर्श पुनर्वास के कार्यक्रम हुए। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण विभाग गुणवत्ता व पारदर्शिता के साथ पूरा काम करे। सीएम ने कहा कि धनबाद में रेलवे अंडर पास गया ब्रिज में लगने वाले जाम से जल्द से जल्द मुक्ति मिले। एक और अंडरपास बगल में बनाए जाने के लिए रेलवे से नो ऑब्जेक्शन प्राप्त हो चुका है। जल्द ही डीपीआर बनाकर इसकी कार्रवाई करें।
[URIS id=9499]


