शत्रुघ्न सिन्हा पर संगत का असर हावी: मंगल पांडेय

रांची: भाजपा के प्रदेश प्रभारी मंगल पांडेय ने कहा कि शत्रुघ्‍न सिन्‍हा जीत के लिए मोहम्मद अली जिन्ना का सहारा ले रहे हैं। उन्हें देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले बता रहे हैं, जबकि पाकिस्‍तान के संस्‍थापक अली जिन्‍ना देश के बंटवारे के लिए जाने जाते हैं। देश के बंटवारे के दौरान लाखों लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। जिन्‍ना का देश के विकास में कोई योगदान नहीं था। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में लगी मो जिन्‍ना की तस्‍वीरों पर भी कांग्रेस सांप्रदायिक नजरिये से राजनीति करती है। कहा कि जिन्ना का अगर देश में नाम लिया जाता है तो देश को तोड़ने के लिए, देश का बंटवारा करने के लिए व देश को तितर- बितर करने के लिए।
श्री पांडेय ने कहा कि वर्तमान में कांग्रेस टुकड़े- टुकड़े गैंग के समर्थकों को वैचारिक और नैतिक खुराक देती है। कांग्रेस की नीति शुरू से ही ‘फूट डालो और राज करो’ वाली रही है। वर्तमान में भी कांग्रेस इसी नीति पर चल रही है। चाहे वह देश की का मनोबल गिराने की बात हो या सीमा पार आतंकवाद पर की गई कार्रवाई पर प्रश्‍न खड़े करना, सबूत मांगना भी कांग्रेस की विभाजनकारी मनोवृत्ति को दर्शाता है। कहा कि वर्तमान में भी कांग्रेस जनता को आपस में लड़ने का प्रयास कर रही है। समुदाय में भेद कर रही है। हर वर्ग को बरगला रही है। आजादी के बाद से कांग्रेस ने लगातार देश पर शासन किया। अपने शासन के दौरान देश के विकास के लिए कुछ नहीं करने वाली कांग्रेस अब न्‍याय देने का ढकोसला कर रही है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More