गढ़वा: सदर थाना क्षेत्र के अचला नावाडीह गांव में बुधवार की रात बारात देखने के दौरान अचानक छत की रेलिंग गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। द्वार पूजा की रस्म के दौरान ये घटना घटी।
तीन मृतकों में मंटू धर दुबे (35), इंदर नाथ धर दुबे (70) तथा अशोक चौबे (70) का नाम शामिल है। घायलों में ज्योति कुमारी, अंकित धर दुबे, मेघा कुमारी, श्रुति कुमारी, मधु कुमारी व रेखा कुमारी शामिल हैं। इनमें से अंकित धर दुबे का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। अन्य घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिंद्र धर दुबे की पोती की बारात पलामू जिले के पांडू थाना क्षेत्र के कजरू गांव से आई थी। द्वार पूजा की रस्म चल रही थी, इस दौरान घर के दरवाजे पर बड़ी संख्या में लोग खड़े थे। वहीं मकान की छत पर भी कई लोग खड़े होकर द्वार पूजा देख रहे थे। इसी दौरान एकाएक छत की रेलिंग गिर गई और नीचे खड़े लोग उस रेलिंग से दब गए। इस घटना में इंदर नाथ धर दुबे व जनाधर दुबे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई व मंटू धर दुबे की मौत इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में हो गई। इस घटना के बाद से गांव में शोक की लहर है और मृतकों के परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है।