चाईबासा: बुधवार को जिले के टाटा कॉलेज परिसर अंतर्गत बिरसा मेमोरियल सभागार में एकदिवसीय सेक्टर मजिस्ट्रेट के प्रशिक्षण कार्यषाला संपन्न हुआ। इसकी अध्यक्षता कर रहे जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अरवा राजकमल ने मौजूदा जिला दंडाधिकारियों को कहा कि ईवीएम की सुरक्षा हर हाल में पुख्ता होना चाहिए। उन्होंने सेक्टर दंडाधिकारी के कार्य व दायित्व से संबंधित आवश्यक दिशा- निर्देश दिया।
डीसी ने साफ कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पीठासीन पदाधिकारी ईवीएम के साथ रात्रि विश्राम हर हाल में कल्सटर में ही करेंगे। सुरक्षा के दृष्टिकोण से गाड़ियों एवम वोटिंग मशीनों की जीपीएस ट्रैकिंग करवाई जाएगी। कार्यशाला में भूमि सुधार उप समाहर्ता के द्वारा जानकारी उपलब्ध करवाते हुए बताया कि जिले में कुल 222 सेक्टर का चयन किया गया है, चयनित सभी सेक्टरों के दंडाधिकारी अपने- अपने सेक्टर के प्रति जिम्मेवार होंगे। कार्यशाला में कार्मिक एवं प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी- सह- भूमि सुधार उपसमाहर्ता एजाज अनवर, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी सुशील कुमार उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने मतदान स्थान के बारे में, मतदाताओं के विषय में, मानचित्रण असुरक्षा के विषय में, मतदान की पूर्व संध्या पर दायित्व, मतदान वाले दिन का दायित्व, मतदान के बाद एवं मतदान के संबंध में आरओ रिपोर्ट प्रस्तुत करने संबंधी जानकारी, सूचना और सुविधाएं संबंधित जानकारी, सेक्टर ऑफिसर को दी जाने वाली सामग्री की जानकारी, एवं सेक्टर ऑफिसर द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली रिपोर्ट पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला में प्रशिक्षण के दौरान ईभीएम एवं वीवीपैट से संबंधित जानकारी भी नियुक्त दंडाधिकारी को दिया गया। सेक्टर दंडाधिकारी को उनके सेक्टर नंबर व सेक्टर के अधीन मतदान केंद्र संख्या से संबंधित प्रपत्र व सेक्टर पदाधिकारी के कार्य व दायित्व से संबंधित बुकलेट भी उपलब्ध करवाया गया।