एनएमसीएच में बनेगा 700 करोड़ का हाईटेक पीडियाट्रिक ब्लॉक, बढ़ेगी बेड की संख्या

पटना: बिहार में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। हाल ही में पीएमसीएच में नए ब्लॉक के तहत 150 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल तैयार किया गया है। इसी कड़ी में अब नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनएमसीएच) में भी शिशुओं के बेहतर उपचार के लिए बेड की संख्या बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।
इस संबंध में एनएमसीएच के अधीक्षक राजीव सिन्हा ने बताया कि अस्पताल में इलाज के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास को देखते हुए बेड की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए 700 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति देने की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल अस्पताल के पीडियाट्रिक वार्ड में इमरजेंसी, सामान्य और अन्य श्रेणियों को मिलाकर कुल 83 बेड हैं।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में दिव्यांगों और बुजुर्गों की सुविधा के लिए नया रजिस्ट्रेशन काउंटर भी शुरू किया गया है। इससे उन्हें पंजीकरण कराने में होने वाली परेशानियों से राहत मिल रही है।
इलाज के लिए हाईटेक होगी व्यवस्था, आधुनिक बनेगा लेबर रूम
एनएमसीएच में गर्भवती महिलाओं के लिए भी विशेष सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके तहत मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लेबर रूम को आधुनिक किया जा रहा है। प्रसव के दौरान जटिल और दुर्लभ मामलों में बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए नए उपकरण लगाने की योजना बनाई जा रही है। इससे गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
दरियापुर-भट्ठी और शास्त्रीनगर स्वास्थ्य केंद्र सुबह 8 से 12 बजे तक खुलेंगे
राजधानी के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दरियापुर-भट्ठी और शास्त्रीनगर स्वास्थ्य केंद्रों को सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक खोलने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कैंसर के इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की भी योजना है।
सरकार का लक्ष्य है कि बिहार के लोगों को कैंसर समेत गंभीर से गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े। इसके लिए राज्य में ही आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।


