Crime News: सड़क निर्माण में लगी जेसीबी जलाने और रंगदारी मांगने के मामले में चार गिरफ्तार, एक फरार

जेसीबी आगजनी और रंगदारी मामले में चार आरोपितों की गिरफ्तारी की जानकारी देते एसडीपीओ।
टेबो से रायगढ़ा तक सड़क निर्माण के दौरान 10 अक्टूबर को हुई थी घटना, गिरफ्तार आरोपितों में एक का पुराना आपराधिक इतिहास

पश्चिमी सिंहभूम: जिले में सड़क निर्माण कार्य में लगी जेसीबी (पोकलेन) मशीन को आग लगाकर क्षतिग्रस्त करने और रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपित अब भी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

शनिवार को चक्रधरपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डॉ. सैय्यद मुस्तफा हाशमी ने बताया कि 10 अक्टूबर 2026 को टेबो से रायगढ़ा तक सड़क निर्माण कार्य के दौरान अज्ञात अपराधियों ने निर्माण स्थल पर खड़ी जेसीबी मशीन में आग लगा दी थी। इससे मशीन जलकर क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस संबंध में खूंटी जिले के पिपरा टोली निवासी संतोष कश्यप के लिखित आवेदन पर 11 अक्टूबर को टेबो थाना में कांड संख्या 13/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच करते हुए 27 नवंबर को चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जीतेन्द्र बोदरा (36), कृष्णा बोदरा उर्फ छोटू (21), लोरेंस धान उर्फ लोचे (23) और फूलचंद सिंह मुंडा (27) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित जीतेन्द्र बोदरा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2016 में मुरहू थाना में लूट का मामला दर्ज किया गया था।

एसडीपीओ ने बताया कि घटना में शामिल एक अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। छापेमारी दल में टेबो थाना प्रभारी बिरजू कुमार मेहता सहित विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More