भाजपा मंदिर है, योगी-मोदी इसके भगवान हैं, BJP में शामिल होने के बाद बोलीं BSP MLA वंदना सिंह

लखनऊ : उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के तारीख के ऐलान का समय नजदीक आने के साथ ही दल-बदल और गठबंधन की कवायद तेज हो गयी। बुधवार का दिन उत्तरप्रदेश में तेज राजनीतिक गतिविधियों वाला रहा। जहां कांग्रेस व बसपा की एक-एक विधायक भाजपा में शामिल हो गयीं, वहीं आप नेता संजय सिंह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से गठबंधन की संभावनाओं के मद्देनजर मुलाकात की।

आजमगढ की सगड़ी सीट से बसपा की विधायक रहीं वंदना सिंह आज भाजपा में शामिल हो गयीं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा एक मंदिर है, जहां वे आज प्रवेश की हैं। वंदन सिंह ने कहा कि इस मंदिर के भगवान मुख्यमंत्री योगी और प्रधानमंत्री मोदी हैं। वंदना सिंह के पति सर्वेश सिंह उर्फ सीपू पहले समाजवादी पार्टी में थे। उन्होंने वर्ष 2007 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था और बसपा के मलिक मसूद को हराकर विधायक बने थे।


वंदना सिंह व कांग्रेस विधायक अदिति सिंह को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने पार्टी में शामिल कराया। अदिति सिंह कांग्रेस में रहते हुए राहुल गांधी की करीबी थीं। हालांकि बाद में वे पार्टी की आलोचक हो गयीं और भाजपा के प्रशंसा करने लगीं, जिससे यह स्पष्ट हो गया था कि अब वे भाजपा का दामन थामेंगी।


उधर, आप नेता व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह व दिलीप पांडेय ने अखिलेश यादव से मुलाकात की। इसके बाद संजय सिंह ने कहा है कि गठबंधन की संभावनाओं पर बात हुई है, हालांकि सीट के बंटवारे पर अबतक कोई बात नहीं हुई है। अगर आप का सपा से गठजोड़ होता है तो वह पहली बार किसी प्रमुख पार्टी के साथ गठबंधन कर चुनाव मैदान में उतरेगी।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More