मायावती अब बाहुबलियों को नहीं देंगी टिकट, मुख्तार अंसारी का टिकट काटने का किया ऐलान

लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष व उत्तरप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती अपने राजनीतिक स्टैंड में लगातार बदलाव कर रही हैं और इसे अब अधिक स्वीकार्य बनाने की कोशिश में जुट गयी हैं। मायावती ने शुक्रवार की सुबह ट्वीट कर बाहुबलियों को टिकट नहीं देने का ऐलान किया।

बसपा अध्यक्ष ने ट्विटर पर लिखा : बीएसपी का आगामी यूपी विधानसभा आम चुनाव में प्रयास होगा कि किसी भी बाहुबली या माफिया आदि को पार्टी से चुनाव न लड़ाया जाए। इसके मद्देनजर आजमगढ मंडल की मऊ विधानसभा सीट से अब मुख्तार अंसारी का नहीं बल्कि यूपी के बीएसपी प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर के नाम को फाइनल किया गया है।

बसपा प्रमुख ने अपने नेताओं से टिकट के लिए चयन के दौरान कुछ सावधानियां बरतने की बात कही हैं। उन्होंने कहा है कि जनता की कसौटी व उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने के प्रयासों के तहत ही लिए गए निर्णय के फलस्वरूप प्रभारियों से अपील है कि वे पार्टी उम्मीदवारों का चयन करते समय इस बात का खास ध्यान रखें ताकि सरकार बनने पर ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई में कोई दिक्कत नहीं हो।


मायावती ने कहा है कि बीएसपी का संकल्प कानून द्वारा कानून का राज के साथ यूपी की तसवीर को अब बदल देने का है ताकि प्रदेश व देश ही नहीं बल्कि बच्चा-बच्चा कहे कि सरकार हो तो बहनजी की सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय जैसी तथा बीएसपी जो कहती है, वह करके भी दिखाती है, यही पार्टी की सही पहचान भी है।


मालूम हो कि साल 2022 के शुरुआत में उत्तरप्रदेश में विधानसभा चुनाव होना है, जिसमें मायावती सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही हैं। मायावती ने इसके लिए ब्राह्मणों को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। वहीं, उन्होंने पिछले दिनों यह भी कहा है कि वे अब सरकार बनाने पर पार्क-स्मारक नहीं बनवाएंगी बल्कि सिर्फ विकास का काम करेंगी। उन्होंने पिछले दिनों प्रबुद्ध सम्मेलन भी किया था।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More