स्वामी नित्यब्रता नंद महाराज ने नारायणगढ़ पंहुच कर अनाथ बच्चों तक पहुंचायी मदद

सभी छह अनाथ बच्चों को दिया आश्रम के आवासीय विद्यालय में पढ़ाने का आश्वासन
रानीश्वर (दुमका ): भारत सेवाश्रम संघ दुमका शाखा के पाथरा स्थित स्वामी प्रणवा नंद विधा मंदिर के स्वामी नित्यब्रता नंद महाराज ने आज मंगलवार को एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र में पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड स्थित नारायणगढ़ गांव के छह अनाथ बच्चों की मार्मिक घटना पढ़ने के बाद 60 किलो मीटर दूर उस गांव पंहुच कर उन बच्चों को खाद्य सामग्री एवं वस्त्र उपलब्ध कराया है। साथ ही उन अनाथ बच्चों के भरण पोषण एवं शिक्षा की जिम्मेदारी लेने का आश्वासन दिया है। मौके पर आवासीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक अभिनंदन मुर्मू, शिक्षिका सेलिना मरांडी, वार्डेन चंदन बेसरा, पंकज माहातो एवं उस गांव के ग्राम प्रधान मौजूद थे।
गौरतलब है कि नारायणगढ़ निवासी स्टीफन मुर्मू एवं उनकी पत्नी मुंडरी टुडू की गरीबी के कारण इलाज के अभाव में मौत हो गयी है। माता-पिता की मौत के बाद सोहगिनी मुर्मू उम्र 12 साल, शर्मिला मुर्मू उम्र 10 साल, प्रमिला मुर्मू उम्र आठ साल, सुनील मुर्मू उम्र छह साल, पानमुनि मुर्मू उम्र चार साल एवं दो साल के बालक सूरज के पास पालन-पोषण का कोई सहारा नहीं है। बारह साल की बच्ची सोहागिनी गांव से 12 किलो मीटर दूर जाकर मजदूरी करती है। उसी से अनाथ भाई बहन का आधा पेट भरण पोषण होता है। इन अनाथ बच्चों के अंधकारमय भविष्य को देख आश्रम परिवार मदद के लिए आगे आया है।


