राज्य सरकार की लापरवाही से हुई 17 युवाओं की मौत: अर्जुन मुंडा

अर्जुन मुंडा ने कहा, भाजपा सरकार ने आदिवासी बच्चों के लिए एकलव्य विद्यालय खोले और कांग्रेस ने गोलियां चलाईं. उन्होंने कहा, द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति बनाकर भाजपा ने दिखाया आदिवासी हितों के प्रति समर्पण.

सरायकेला: आज सरायकेला विधानसभा के गेस्ट हाउस मैदान में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने परिवर्तन सभा को संबोधित किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि झारखंड का निर्माण श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में साल 2000 में हुआ था, और अब इसे संवारने की जिम्मेदारी हम सभी पर है.

अर्जुन मुंडा ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भाजपा की सरकार ने संथाल क्षेत्र में एकलव्य विद्यालयों की स्थापना की है, जिससे आदिवासी बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं. इसके विपरीत, उन्होंने कांग्रेस की सरकार पर आदिवासियों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि गुवा गोलीकांड और चिरूडीह गोलीकांड जैसे कई घटनाएं कांग्रेस शासनकाल की कड़वी यादें हैं, जब आदिवासियों पर गोलियां चलाई गईं.

उन्होंने राज्य सरकार की विफलताओं पर सवाल उठाते हुए कहा, “आज मां-बाप की सबसे बड़ी चिंता है कि उनके बेटे को रोजगार मिले, लेकिन राज्य सरकार ने उत्पाद भर्ती प्रक्रिया में युवाओं को इतना दौड़ाया कि 17 युवाओं की मृत्यु हो गई. यह बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है.”

अर्जुन मुंडा ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद पर आसीन करने का श्रेय भाजपा को जाता है, जो पार्टी की आदिवासी हितैषी नीतियों का प्रमाण है. उन्होंने आगे कहा, “कोल्हान क्षेत्र में जितने भी गोलीकांड हुए, वे सभी कांग्रेस के शासनकाल में हुए हैं. अगर हमें अपनी माटी और जंगल को बचाना है, तो हमें परिवर्तन लाना होगा और राज्य की जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकना होगा.”

इस परिवर्तन सभा के साथ ही कोल्हान प्रमंडल से भाजपा की परिवर्तन यात्रा का रथ रवाना हुआ, जो राज्य भर में जनता से सीधा संवाद स्थापित करेगा और भाजपा की नीतियों का प्रचार करेगा.

लेखक के बारे में

By Subodh Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More